जयपुर, 23 फरवरी (भाषा) राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने टोंक जिले में एक कंबल वितरण कार्यक्रम में एक मुस्लिम महिला का अपमान किया और उसका धर्म पूछकर कंबल वापस ले लिया।
घटना के एक कथित वीडियो का हवाला देते हुए जूली ने दावा किया कि पूर्व सांसद निवाई तहसील के करेड़ा बुजुर्ग गांव गए थे, जहां उन्होंने कंबल वितरण के दौरान महिला का नाम जानने के बाद उसे दिया हुआ कंबल वापस ले लिया।
जूली ने भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘एक जनप्रतिनिधि जो सांसद जैसे पद पर विराजमान रहा हो, वह इस तरह की हरकत करें यह बिल्कुल निंदनीय है।’’
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह घटना रविवार दोपहर को कंबल वितरण कार्यक्रम में हुई। वहां मौजूद कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि शुरू में महिलाओं को कंबल दिए गए थे लेकिन बाद में उनके धर्म का पता लगने के बाद वापस ले लिए गए।
कथित वीडियो क्लिप में जौनापुरिया को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि जो लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गाली देते हैं उन्हें कंबल लेने का हक ही नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यह उनका व्यक्तिगत कार्यक्रम था और इसका किसी सरकारी योजना से संबंध नहीं था।
पूर्व सांसद प्रधानमंत्री मोदी के 28 फरवरी को अजमेर में प्रस्तावित दौरे के लिए लोगों को आमंत्रित करने गए थे।
भाषा पृथ्वी गोला
गोला
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
