scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशओडिशा के नयागढ़ में पर्यटक बस पलटने से पांच लोगों की मौत, 30 लोग घायल

ओडिशा के नयागढ़ में पर्यटक बस पलटने से पांच लोगों की मौत, 30 लोग घायल

Text Size:

भुवनेश्वर, 28 मार्च (भाषा) ओडिशा के नयागढ़ जिले में शुक्रवार देर रात एक पर्यटक बस के पलटने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी।

यह दुर्घटना कल देर रात करीब दो बजे हुई, जब 55 यात्रियों को ले जा रही बस दासपल्ला के हनुमान घाटी रोड पर पलट गई।

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना का कारण वाहन की गति तेज होने का संदेह है। पुलिस ने बताया, ‘‘बस हनुमान घाटी रोड पर मोड़ लेते समय पलट गई।’’

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान हरि पात्रा, उनकी पत्नी लक्ष्मी पात्रा, सुप्रभा साहू, उनकी बेटी सुमति और चालक प्रबीन कुमार साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सभी ब्रह्मपुर के निवासी थे।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा भी की है। उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया।

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नयागढ़ जिले के दासपल्ला के पास एक पर्यटक बस दुर्घटना में कई यात्रियों की जान जाने की खबर सुनकर मैं बहुत दुखी और व्याकुल हूं। मैं भगवान जगन्नाथ से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।’’

घायल यात्रियों में से एक आर्य पात्रा ने आरोप लगाया कि वाहन तेज गति से चल रहा था। उन्होंने कहा, ‘‘घाट रोड पर बस बहुत तेज गति से चल रही थी, संभवतः 100 किमी प्रति घंटे से अधिक। अचानक वह पलट गई। कुछ यात्री बाहर गिर गए, जबकि लगभग पांच वाहन के नीचे फंस गए।’’

एक अन्य यात्री संतोष प्रधान ने बताया कि वे ब्रह्मपुर से बस में सवार हुए थे और वे बलांगीर जिले के हरिशंकर जा रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि दासपल्ला और बनिगोचा पुलिस थानों के पुलिसकर्मियों ने दमकल कर्मियों के साथ मिलकर घायल यात्रियों को निकाला और उन्हें दासपल्ला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। अधिकारियों ने बताया कि दासपल्ला पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

भाषा

अमित दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments