scorecardresearch
Saturday, 7 November, 2026
होमदेशमुंबई के घाटकोपर में बहुमंजिला इमारत में आग लगी, तीन जख्मी

मुंबई के घाटकोपर में बहुमंजिला इमारत में आग लगी, तीन जख्मी

Text Size:

मुंबई, छह नवंबर (भाषा) मुंबई के घाटकोपर इलाके में शुक्रवार शाम को 21 मंजिला एक आवासीय इमारत में आग लगने से तीन लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने शुरुआती जांच के आधार पर आशंका जताई है कि आग पटाखे, संभवत: ‘रॉकेट’ की वजह से लगी होगी।

मुंबई की महापौर रितु तावड़े के कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है कि घाटकोपर पूर्व के पंतनगर में वल्लभ बाग लेन पर स्थित 21 मंजिला ‘रॉयल ​​अल्टेज़ा’ आवासीय इमारत की 20वीं मंजिल पर रात 8:08 बजे आग लगी।

इससे पहले अधिकारियों ने बताया था कि आग 25 मंजिला इमारत की 23वीं मंजिल पर लगी थी।

अधिकारियों ने बताया कि 45-वर्षीय साईनाथ अवाले 27 प्रतिशत तक झुलस गए हैं और उन्हें राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने महानगरपालिका द्वारा संचालित इस अस्पताल के चिकित्सकों के हवाले से बताया कि उनकी हालत स्थिर है।

अधिकारियों के मुताबिक दो अन्य लोगों की पहचान नीरव लोदया (34) और राजेश लोदया (47) के रूप में हुई है, जिन्हें पास के ज़िनोवा अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत भी स्थिर है।

तावडे का निवास भी घाटकोपर पूर्व है में और उन्होंने घटनास्थल का दौरा कर बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया।

अधिकारियों ने बताया कि आग को द्वितीय श्रेणी के रूप में वर्गीकृत किया गया और आग बुझाने के लिए कम से कम आठ दमकल गाड़ियां तथा अन्य अग्निशमन उपकरण मौके पर भेजे गए। उन्होंने बताया कि मुंबई अग्निशमन सेवा ने दो घंटे से अधिक समय के बाद आग पर काबू पा लिया।

अधिकारियों के मुताबिक एहतियातन इमारत को खाली करा लिया गया है और यह पता लगाने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा था कि कहीं कोई अंदर फंसा तो नहीं है।

अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों के साथ-साथ मुंबई पुलिस, अदाणी इलेक्ट्रिसिटी, लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासनिक वार्ड के कर्मचारियों ने भी आग बुझाने में मदद की।

उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण और नुकसान के दायरे का पता लगाया जा रहा है।

हालांकि, उन्होंने कहा कि ऐसा शायद किसी पटाखे, संभवतः एक ‘रॉकेट’ की वजह से हुआ हो सकता है।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments