scorecardresearch
Saturday, 23 May, 2026
होमदेशउत्तर-पश्चिम दिल्ली में शोरूम में आग लगी

उत्तर-पश्चिम दिल्ली में शोरूम में आग लगी

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) दिल्ली के किंग्सवे कैंप मार्केट स्थित एक शोरूम में शनिवार सुबह भीषण आग लगने से भारी मात्रा में सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस को उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मुखर्जी नगर स्थित बाटा शोरूम में लगी आग के संबंध में सुबह लगभग छह बजकर 52 मिनट पर सूचना मिली।

एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि आग सबसे पहले शोरूम के भूतल पर लगी थी।

पुलिस ने बताया कि दुकान का शटर तुरंत नहीं खोला जा सका, जिसके कारण आग की लपटें तेजी से पहली और दूसरी मंजिल तक फैल गईं, जिससे आग बुझाने के प्रयासों में शुरू में देरी हुई।

अधिकारियों ने बताया कि दुकान में कागज के डिब्बों में पैक किए गए जूते चप्पल थे।

पुलिस ने बताया कि आग से शोरूम को भारी आर्थिक नुकसान हुआ क्योंकि ज्यादातर सामान जलकर खाक हो गया।

पुलिस के मुताबिक, आग बुझाने के दौरान बाजार में घना धुआं छा गया, जिससे बड़ी संख्या में लोग और दुकानदार इकट्ठा हो गए।

पुलिस ने इलाके को घेर लिया और यह सुनिश्चित किया कि आग बुझाने के दौरान कोई भी प्रभावित परिसर में प्रवेश न करे।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “आग बुझाने में लगभग चार घंटे लगे।”

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और दमकलकर्मियों और आपातकालीन बचाव दल की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए पास की सड़क पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया।

पुलिस ने बताया कि आग लगने का सटीक कारण अब तक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।

भाषा जितेंद्र देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments