गोरखपुर, 23 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक महिला चिकित्सक पर कथित रूप से हमला करने और अपशब्द कहने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनकी पहचान देवरिया जिले के सूरज गुप्ता और अमृत विश्वकर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में प्रसूति एवं स्त्रीरोग विज्ञान में तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही नगालैंड निवासी महिला चिकित्सक रविवार रात करीब आठ बजे जब एक मॉल से लौट रही थी तो तीन पुरुषों ने लगभग 1.5 किलोमीटर तक उनका पीछा किया और अश्लील टिप्पणियां कीं व अपशब्द कहे।
सेना शिविर के पास एम्स के गेट नंबर दो के निकट एक व्यक्ति ने महिला चिकित्सक को कथित रूप से गलत तरीके से छुआ। चिकित्सक ने शोर मचाया तो तीनों आरोपी वहां से भाग गए।
इस घटना से आहत महिला चिकित्सक ने ‘नॉर्थ ईस्ट फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स’ (एनएएफओआरडी) को इसकी सूचना दी।
फेडरेशन ने ‘एक्स’ पर मुख्यमंत्री कार्यालय को टैग करते हुए लिखा कि एम्स-गोरखपुर में तृतीय वर्ष की रेजिडेंट डॉक्टर को गंभीर नस्लीय उत्पीड़न और यौन हमले का सामना करना पड़ा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. कौस्तुभ ने पुष्टि की कि एम्स थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों से जुड़ी एक मोटरसाइकिल की पहचान की गई है और पुलिस की चार टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तैनात की गई हैं।
एसएसपी ने आश्वासन दिया कि दोषियों को पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बाद में, पुलिस ने एक बयान में कहा कि रविवार की रात को जब पीड़िता ओरियन मॉल से बाहर आ रही थी, तब तीन पुरुषों ने महिला चिकित्सक पर अश्लील टिप्पणियां कीं और एम्स अस्पताल के गेट नंबर दो पर भी उन्हीं तीन व्यक्तियों ने पीड़िता के साथ दुर्व्यवहार किया।
जब उसने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे गाली दी और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार इस संबंध में प्राप्त शिकायत के आधार पर, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 (महिला की मर्यादा भंग करने के इरादे से उस पर हमला, आपराधिक बल का प्रयोग), 296(ए) (अश्लील कृत्य और गीत), 351(3) (आपराधिक धमकी) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बयान में कहा कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज गुप्ता और अमृत विश्वकर्मा के रूप में हुई है और दोनों देवरिया जिले के निवासी हैं।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
