नयी दिल्ली, 22 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कहा कि 24 नवंबर को दीपथून पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम दीप जलाने की अनुमति देने से संबंधित उच्चतम न्यायालय के फैसले पर पुनर्विचार की तमिलनाडु सरकार की अर्जी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की ‘हिंदू विरोधी और सनातन धर्म विरोधी’ सोच को दिखाती है।
दीपथून, मदुरै में तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के ऊपर स्थित एक पत्थर का स्तंभ है।
तमिलनाडु के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के आयुक्त ने शनिवार को उच्चतम न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दायर की। इससे एक दिन पहले शीर्ष अदालत ने 24 नवंबर को दीपथून पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम दीप जलाने की अनुमति दी थी।
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने इस कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए पत्रकारों से कहा, ‘‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि तमिलनाडु की ‘इंडी’ गठबंधन सरकार उच्चतम न्यायालय के फैसले को लागू नहीं करने पर अड़ी हुई है।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की संविधान विरोधी सोच को दर्शाता है। यह उनकी हिंदू विरोधी और सनातन धर्म विरोधी मानसिकता को भी दिखाता है।’’
भाजपा के राज्यसभा सदस्य त्रिवेदी ने कहा कि तमिलनाडु सरकार का यह कदम कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की ‘हिंदू धर्म के प्रति नफरत’ को भी दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि उच्चतम न्यायालय के शुक्रवार के फैसले को ‘तुरंत’ लागू किया जाए।
तमिलनाडु की टीवीके के नेतृत्व वाली सरकार में कांग्रेस गठबंधन सहयोगी है। इस सरकार का नेतृत्व मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय कर रहे हैं।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.