नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में एक पुरानी इमारत के ढह जाने से 60 वर्षीय व्यक्ति और उसके 33 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों शव रात भर चले खोज एवं बचाव अभियान के दौरान मलबे से बरामद किए गए।
घटना रविवार शाम हर्ष विहार में हुई। इमारत ढहने की सूचना शाम 6.46 बजे हर्ष विहार थाने को मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान हर्ष विहार निवासी चंद्रपाल (60) और उसके बेटे विजय कुमार (33) के रूप में हुई है।
रात भर चले बचाव अभियान के दौरान दोनों को मलबे से निकाला गया और जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक निरीक्षण से पता चला कि एक पुरानी इमारत की भूतल और पहली मंजिल ढह गई। भूतल पर कथित तौर पर एक गोदाम था। पुलिस ने बताया कि यह संपत्ति कथित तौर पर मनोज कुमार की है।
अधिकारियों ने बताया कि मौके पर दमकल की दो गाड़ियां, दो एम्बुलेंस और एक क्रेन तैनात की गई। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की टीम भी बचाव अभियान में शामिल हुईं।
पुलिस ने कहा कि घटना की जांच चल रही है।
भाषा नोमान नोमान मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.