श्रीनगर, 23 मई (भाषा) नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने शनिवार को लोगों से अपील की कि वे पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक स्थिति को देखते हुए आगामी ईद-उल-अजहा को सादगी से मनाएं।
उन्होंने श्रीनगर के खानकाह इलाके में स्थित मीर सैयद अली हमदानी की दरगाह पर अकीदत पेश की।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान नेकां के प्रमुख ने ईद-उल-अजहा की अग्रिम मुबारकबाद देते हुए लोगों से त्योहार को सादगी से मनाने की अपील की।
उन्होंने कहा, “मैं लोगों से अपील करता हूं कि दुनिया में मौजूदा हालात को देखते हुए ईद सादगी से मनाएं। केवल अल्लाह ही जानता है कि आने वाले दिनों में क्या होगा। इसलिए दुआ करें कि ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध खत्म हो और हम शांति से रहें। शांति सबसे बड़ी चीज़ है।”
तीन बार जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री रहे अब्दुल्ला ने कहा कि उन्होंने दरगाह पर पूरी दुनिया में शांति कायम होने और देश में “नफरत के जहर” के खात्मे की दुआ की।
उन्होंने कहा, “मैंने दुआ की कि पूरी दुनिया में शांति हो और लोग भाईचारे के साथ रहें। अल्लाह देश में फैल रहे नफरत के जहर को रोक दे ताकि हम भाईचारे के साथ आगे बढ़ सकें।”
भाषा
जोहेब धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.