scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशगोरखपुर में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक को टोकने पर किसान की पीट-पीटकर हत्या

गोरखपुर में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक को टोकने पर किसान की पीट-पीटकर हत्या

Text Size:

गोरखपुर, छह मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक को रफ्तार कम करने के लिए टोकने पर एक किसान की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है और कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल की गई दो लाठियां और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान संदीप निषाद, शेषनाथ निषाद, गौतम निषाद, रमेश निषाद, विक्की राजभर और राजन निषाद के रूप में हुई है, जो सभी जिले के करहिया गांव के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक मानीराम क्षेत्र निवासी पीड़ित, ज्ञानेंद्र चौधरी (35) होली की दोपहर रोहिन नदी के पास अपने खेतों को देखने गया था। उस दौरान, करहिया गांव का एक युवक कथित तौर पर शिव मंदिर के पास सड़क से तेज रफ़्तार से मोटरसाइकिल चला रहा था, जिससे धूल का गुबार उड़ रहा था। जब चौधरी ने उसे धीरे चलने को कहा, तो उनके बीच बहस हो गई।

पुलिस ने कहा कि मोटरसाइकिल सवार ने कथित तौर पर अपने साथियों को बुलाया, जिसके बाद कई लोग लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और किसान पर हमला कर दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर हमलावर यह सोचकर भाग गए कि चौधरी मर गया है। परिवार के लोग घायल ज्ञानेंद्र को गोरखनाथ इलाके के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बाबा राघवदास मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

पुलिस ने कहा कि उसी दिन शाम करीब सात बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। चौधरी अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था, उसके परिवार में पत्नी अंजलि और एक बेटा राज है।

सूचना मिलने पर चिलुआताल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक सूरज सिंह ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है।

भाषा

सं,आनन्द

रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments