scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशभारत के सभ्यतागत विकास में मुसलमानों के योगदान पर प्रदर्शनी का आयोजन

भारत के सभ्यतागत विकास में मुसलमानों के योगदान पर प्रदर्शनी का आयोजन

Text Size:

नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) प्रतिष्ठित मुस्लिम संगठन जमात-ए-इस्लामी हिंद के यहां स्थित कार्यालय में भारत के सभ्यतागत विकास में मुसलमानों के योगदान की जानकारी देने वाली एक प्रदर्शनी का मंगलवार को उद्धाटन किया गया।

एक बयान के मुताबिक, छह दिवसीय ‘द वूवन लैंड: ए विज़ुअल नैरेटिव ऑफ मुस्लिम हिस्ट्री इन इंडिया’ नामक प्रदर्शनी में भारत में इस्लाम के आगमन और अलग-अलग क्षेत्रों में उसके योगदान और प्रभाव की पूरी कहानी तस्वीरों और दृश्यों के ज़रिए बताई गई है।

इसमें कहा गया है कि इसमें व्यवस्थित प्रदर्शनों और मॉडलों की श्रृंखला के माध्यम से, शिक्षा, व्यापार, सामाजिक समानता, महिला सशक्तीकरण और ग्रंथों के अनुवाद में मुसलमानों की भूमिका की जानकारी दी गई है। इसके साथ ही वास्तुकला, संस्कृति, भाषा के विकास के साथ-साथ विज्ञान और खगोल विज्ञान में हुई प्रगति को भी प्रदर्शित किया गया है।

बयान के मुताबिक, ‘इंडियन हिस्ट्री फोरम’ द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का उद्देश्य भारत के अतीत की समावेशी और मिली-जुली संस्कृति के बारे में जागरूकता बढ़ाना है और ये प्रदर्शनी आस्था, समानता और साझा विरासत के विषयों पर केंद्रित हैं, जो लोगों को विविध समुदायों के अंतर्संबंधित इतिहास पर विचार करने के लिए प्रोत्साहित करता हैं।

इसमें कहा गया है कि 14 से 19 अप्रैल तक चलने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन जमात प्रमुख सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी, अजमेर शरीफ दरगाह की अंजुमन कमेटी के सचिव मौलाना सैयद सरवर चिश्ती तथा मौलाना असगर अली इमाम मेहदी समेत समुदाय के प्रतिष्ठित व्यक्तियों की मौजूदगी में किया गया।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments