नई दिल्ली: बेंगलुरु की स्पेस सर्विलांस कंपनी दिगंतारा की एक रिपोर्ट में सामने आया है कि चीन के तीन निगरानी सैटेलाइट, जिनमें रेडियो फ्रीक्वेंसी ट्रैकिंग और इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस (ELINT) की क्षमता है, पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के पूरे समय गुजरात के तट पर नजर बनाए हुए थे.
दिप्रिंट को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक, चीन के तीन सैटेलाइट—Ningxia-14, Gaofen-11 और Yaogan-30 ने 10 और 11 मई को गुजरात के तट पर खास नजर रखी. इनकी नजर खास तौर पर भुज, नलिया और जामनगर के आसपास के इलाकों पर थी. हिंद महासागर क्षेत्र में भारत के नौसेना और वायुसेना के ठिकानों पर नजर रखने के अलावा, ये सैटेलाइट कई अहम कारोबारी जगहों और बंदरगाहों की भी निगरानी कर सकते थे. इनमें रिलायंस इंडस्ट्रीज का जामनगर रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स भी शामिल था. ऐसा उस समय हो रहा था, जब जमीन पर मुख्य लड़ाई जम्मू-कश्मीर और पंजाब तक सीमित थी.
इन सभी सैटेलाइट में हाई-रिजॉल्यूशन वाली तस्वीरें लेने और इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस जुटाने की क्षमता है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि ऑपरेशन सिंदूर के चार दिनों के दौरान चीन के इन सैटेलाइट की तरफ से अलग-अलग युद्ध क्षेत्रों में दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखने की कोशिशों में काफी बढ़ोतरी हुई.
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि Yaogan-43 01G समेत कुछ सैटेलाइट ने 7 मई को अपनी कक्षा में बदलाव किया था. इसी दिन ऑपरेशन सिंदूर शुरू हुआ था. इस बदलाव के कारण इन सैटेलाइट को भारत के सैन्य ठिकानों के ऊपर से ज्यादा बार गुजरने का मौका मिला.
रिपोर्ट में कहा गया, “इस ऑपरेशन ने दिखाया कि अंतरिक्ष से लगातार निगरानी किए जाने के कारण भारत के अहम सैन्य ठिकाने कितने कमजोर पड़ सकते हैं.”
रिपोर्ट में आगे कहा गया कि चीन के ये सैटेलाइट इससे कहीं ज्यादा काम कर सकते हैं.
इसमें कहा गया, “ये सैटेलाइट अपनी कक्षा में बदलाव कर सकते हैं, इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस की निगरानी का दायरा बढ़ा सकते हैं और युद्ध के दौरान अपनी खुफिया निगरानी और जानकारी जुटाने की कोशिशों को किसी खास इलाके पर केंद्रित कर सकते हैं. यह भारत की एक ऐसी कमी को दिखाता है, जिसकी वजह से लंबे समय में रणनीतिक नुकसान हो सकता है.”

गुजरात के तट पर ही नजर क्यों?
ऑपरेशन सिंदूर के चार दिनों के दौरान जमीन पर सबसे ज्यादा लड़ाई जम्मू-कश्मीर और पंजाब में हुई थी. हालांकि, गुजरात के कुछ हिस्सों में भी सैन्य गतिविधियां हुई थीं.
7 से 10 मई के बीच गुजरात में ड्रोन देखे गए, एहतियात के तौर पर ब्लैकआउट किया गया, हवाई हमले के अलर्ट जारी हुए, एयरपोर्ट बंद किए गए और बंदरगाहों का काम रोक दिया गया. भुज, नलिया, जामनगर और कच्छ का सीमावर्ती इलाका तनाव के केंद्र में थे. हालांकि, हमलों का स्तर और उनकी तीव्रता बहुत कम थी.
रक्षा विशेषज्ञों ने बताया कि गुजरात का समुद्री तट रणनीतिक रूप से बेहद अहम है. इसकी वजह यह है कि यह अरब सागर की तरफ है और पाकिस्तान के समुद्री रास्तों के काफी करीब है. यहां नौसेना, वायुसेना, कारोबार और ऊर्जा से जुड़े कई अहम ठिकाने भी मौजूद हैं.
भुज में पाकिस्तान सीमा के पास भारतीय वायुसेना का एक अहम ठिकाना है. यह भारत के लिए एक महत्वपूर्ण सैन्य ठिकाना है, खासकर पश्चिमी मोर्चे पर. इसकी वजह पाकिस्तान से इसकी नजदीकी और गुजरात की हवाई सुरक्षा और सैन्य व्यवस्था में इसकी अहम भूमिका है. यह भारत को पश्चिमी सीमा और उससे जुड़े अरब सागर में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर जवाब देने में मदद करता है.
सरकार की तरफ से जारी बयानों के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने जिन सैन्य ठिकानों को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाने की कोशिश की थी, उनमें भुज भी शामिल था.
नलिया भी एक और अहम एयरबेस है. यह पश्चिमी कच्छ में स्थित है. यह एक ऐसा रणनीतिक सैन्य ठिकाना है, जिस पर चीन के सैटेलाइट के जरिए पाकिस्तान नजर रखना चाहता होगा.
भारत का पश्चिमी समुद्री तट भारतीय नौसेना के लिए भी एक अहम केंद्र है. गुजरात में INS सरदार पटेल और INS द्वारका भी मौजूद हैं.
सैन्य ठिकानों के अलावा, गुजरात में कई अहम कारोबारी सुविधाएं भी हैं. इनमें जामनगर में रिलायंस का अपना बंदरगाह, विशाल रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स शामिल हैं. ये देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं.
रिटायर्ड भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन अजय लेले, जो मनोहर पर्रिकर इंस्टीट्यूट फॉर डिफेंस स्टडीज एंड एनालिसिस (MP-IDSA) में डिप्टी डायरेक्टर जनरल हैं, ने कहा कि इन सैटेलाइट की बनावट और क्षमता ऐसी है कि ये जहाजों जैसी बड़ी चीजों की आवाजाही को आसानी से देख सकते हैं.
उन्होंने कहा, “एक अच्छी तस्वीर से ही समुद्र में मौजूद आपके जहाजों की आवाजाही का अंदाजा लगाया जा सकता है. निगरानी का काम कई तस्वीरों को जोड़कर भी किया जाता है. भले ही मुख्य लड़ाई जम्मू-कश्मीर और पंजाब में हो रही हो, लेकिन सक्रिय युद्ध के दौरान कई दूसरे इलाकों से मिलने वाली खुफिया जानकारी भी बेहद अहम होती है.”
तकनीक
भारतीय इलाके के ऊपर नजर आए चीन के तीनों सैटेलाइट में निगरानी और इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल पकड़ने की आधुनिक तकनीक मौजूद है.
Ningxia प्रोग्राम असल में कमर्शियल इलेक्ट्रोमैग्नेटिक सिग्नल पर नजर रखने वाले सैटेलाइट का एक समूह है. खुले स्रोतों से मिले ऑर्बिटल रिकॉर्ड के मुताबिक, इसे रेडियो फ्रीक्वेंसी पर नजर रखने के लिए बनाया गया है. इसमें समुद्र के ऊपर और ऐसे इलाकों की निगरानी भी शामिल है, जहां इंसानी गतिविधियां बहुत कम होती हैं.
ऑप्टिकल सैटेलाइट सूरज की रोशनी से जमीन पर पड़ने वाली चीजों की तस्वीरें लेते हैं. लेकिन इलेक्ट्रोमैग्नेटिक इंटेलिजेंस सैटेलाइट रेडियो फ्रीक्वेंसी से निकलने वाले सिग्नल को पकड़ते हैं.
ये सिग्नल सैन्य रडार सिस्टम, नौसेना के जहाजों के रडार, रेडियो कम्युनिकेशन, एयर डिफेंस सिस्टम और दूसरे ऐसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से निकल सकते हैं, जो रेडियो सिग्नल भेजते हैं.
उदाहरण के लिए, अगर कोई नौसैनिक जहाज अपना रडार चालू करता है, तो ये सैटेलाइट उससे निकलने वाले इलेक्ट्रोमैग्नेटिक सिग्नल को पकड़ सकते हैं. सैटेलाइट यह पता लगा सकता है कि सिग्नल किस जगह से आ रहा है. यह अलग-अलग तरह के इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल के बीच फर्क भी कर सकता है. साथ ही, यह भी पता लगा सकता है कि किसी इलाके में सैन्य इलेक्ट्रॉनिक गतिविधियां बढ़ रही हैं या नहीं.
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान गुजरात के ऊपर सक्रिय दिखे चीन के एक और सैटेलाइट Gaofen-11 से निगरानी की क्षमता के बारे में सबसे मजबूत संकेत मिलते हैं.
अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे की 2022 की रिमोट सेंसिंग सैटेलाइट रिपोर्ट के मुताबिक, Gaofen-11 की पैनक्रोमैटिक तस्वीरों का रिजॉल्यूशन 0.8 मीटर और मल्टीस्पेक्ट्रल तस्वीरों का रिजॉल्यूशन 3.2 मीटर है.
इसका मतलब है कि पैनक्रोमैटिक तस्वीर में हर पिक्सल जमीन पर 0.8 मीटर x 0.8 मीटर के इलाके को दिखाता है.
इतने अच्छे रिजॉल्यूशन पर कोई सैटेलाइट जहाजों की पहचान कर सकता है और उनके आकार का अंदाजा लगा सकता है. यह बंदरगाहों पर खड़े जहाजों और उनकी जगह में होने वाले बदलाव को देख सकता है. एयरबेस पर खड़े अलग-अलग विमानों की पहचान कर सकता है. साथ ही, रनवे पर होने वाली गतिविधियों और सैन्य ढांचे में हुए बदलावों का भी पता लगा सकता है.
Yaogan-30 को भी रडार सिग्नल पकड़ने के लिए बनाया गया है. इन सैटेलाइट्स को एक समूह में तैनात किया गया है. इनकी कक्षाओं के बीच की दूरी इस तरह रखी गई है कि ये बार-बार एक के बाद एक निगरानी कर सकें. ये सैटेलाइट धरती से करीब 600 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्कर लगाते हैं और इनकी कक्षा का झुकाव करीब 35 डिग्री है.
दिलचस्प बात यह है कि 2024 में अमेरिकी-चीन आर्थिक और सुरक्षा समीक्षा आयोग की एक सुनवाई में Gaofen और Yaogan सैटेलाइट की निगरानी क्षमताओं का जिक्र किया गया था.
रिपोर्ट में Yaogan-30 सीरीज को चीन के सबसे सक्षम LEO ELINT सैटेलाइट समूहों में से एक बताया गया है.
अमेरिकी रिपोर्ट में कहा गया, “Yaogan-30 के सभी 30 सैटेलाइट की कक्षाओं के बीच बराबर दूरी रखी गई है. इससे पूर्वी एशिया और पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में लगातार और एक के बाद एक इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस की निगरानी की जा सकती है.”
अमेरिकी सुरक्षा समीक्षा आयोग ने चीन के इस सैटेलाइट समूह को अपनी सुरक्षा के लिए खतरा भी माना था.
आयोग ने चिंता जताते हुए कहा, “इन सैटेलाइट से मिलने वाली सघन इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस निगरानी की वजह से अमेरिकी या उसके सहयोगी देशों की सेनाओं को अपने रडार या कम्युनिकेशन सिस्टम चालू करने में मुश्किल हो सकती है. ऐसा इसलिए क्योंकि सैटेलाइट की निगरानी से बचने के लिए बहुत कम खाली जगह मिलती है.”
यह दिप्रिंट की एक्सक्लूसिव तीन-पार्ट की सीरीज़ का दूसरा पार्ट है, जिसमें चीन के स्पेस सर्विलांस पहल की जांच की गई है. पहली रिपोर्ट भाग यहां पढ़ें.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: Exclusive: पहलगाम आतंकी हमले से 6 दिन पहले चीनी सैटेलाइट ने इलाके के ऊपर से दोगुनी बार लगाई उड़ान