मुंबई, 10 सितंबर (भाषा) बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की फिल्म ‘‘जवान’’ रिलीज के बाद से ही विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को पेश करने के लिए चर्चा में रही है और जब एक प्रशंसक ने वोट डालने के महत्व पर अभिनेता के डायलॉग की प्रशंसा की, तो शाहरुख ने एक बार फिर ‘‘बुद्धिमानी और जिम्मेदारी से’’ अपने मताधिकार का प्रयोग करने पर जोर दिया।
तमिल फिल्म निर्माता एटली द्वारा निर्देशित ‘‘जवान’’ एक पिता-पुत्र की कहानी है, जो शाहरुख द्वारा अभिनीत अपने नायक के माध्यम से सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर ध्यान आकर्षित करती है।
फिल्म में सरकारी उदासीनता, भ्रष्टाचार, किसानों की आत्महत्या, खस्ताहाल स्वास्थ्य सेवा प्रणाली और आवासीय क्षेत्रों के पास संचालित खतरनाक कारखानों समेत अन्य सामाजिक विषयों को पेश किया गया है।
फिल्म के एक दृश्य में नायक आम लोगों से समझदारी से वोट करने का आग्रह करता है।
जब एक प्रशंसक ने ‘एक्स’ पर फिल्म के एक डायलॉग के लिए अभिनेता की प्रशंसा की, तो शाहरुख ने लिखा, ‘‘हर किसी को अपने वोट देने के अधिकार का प्रयोग समझदारी और जिम्मेदारी से करना चाहिए।’’
भाषा शफीक प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.