scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशनिर्वाचन आयोग ने कर्नाटक के 10 पुलिस अधिकारियों के तबादले का आदेश दिया

निर्वाचन आयोग ने कर्नाटक के 10 पुलिस अधिकारियों के तबादले का आदेश दिया

Text Size:

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) निर्वाचन आयोग ने कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ‘‘चुनाव आचार संहिता को सख्ती से लागू करने और प्रक्रिया के सुचारू संचालन’’ के लिए राज्य के एक पुलिस उपायुक्त सहित 10 पुलिस अधिकारियों के तबादले का आदेश दिया है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

स्थानांतरित किए गए अधिकारियों में पुलिस उपायुक्त (उत्तर) बेंगलुरु, सहायक पुलिस आयुक्त यशवंतपुर और बेंगलुरु तथा चार पुलिस निरीक्षक शामिल हैं। राजा राजेश्वरी नगर, यशवंतपुर, नंदिनी लेआउट और राजगोपाल नगर थाने के एक-एक पुलिस निरीक्षक का भी तबादला किया गया है।

सूत्रों ने कहा कि स्थानांतरित किए गए अधिकारियों को राज्य के एक मंत्री के इशारे पर तैनात किया गया था और यह महसूस किया गया कि उनके तबादले से 10 मई को होने वाले चुनाव के ‘सख्त प्रवर्तन और सुचारू संचालन’ में मदद मिलेगी।

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘दरअसल, कोई शिकायत नहीं थी। निर्वाचन आयोग ने बेहतर ढंग से चुनाव कराने के लिए यह फैसला लिया।’

इस महीने की शुरुआत में सुरपुर यादगीर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़पों के बाद, निर्वाचन आयोग ने स्थिति से निपटने में विफल रहने के चलते स्थानीय पुलिस उपाधीक्षक और एक क्षेत्र निरीक्षक के स्थानांतरण का भी आदेश दिया।

उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों को ‘डराने’ और चुनाव प्रचार में ‘बाधा’ उत्पन्न करने की खबरों के बीच रायचूर जिले में देवदुर्गा के एक पुलिस उपाधीक्षक और एक क्षेत्र निरीक्षक को भी बदला जा रहा है।

राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 10 मई को होगा।

भाषा नेत्रपाल अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments