मुंबई, सात नवंबर (भाषा) भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने महाराष्ट्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरी प्रविष्टि) श्रेणी के तहत मसौदा मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं को एक और मौका देने का फैसला किया है।
एसआईआर की कवायद के बाद महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीट के लिए मसौदा मतदाता सूची इस साल 31 अगस्त को प्रकाशित की गई थी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि संबंधित मतदाता अब अपने वर्तमान सामान्य निवास स्थान के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) या सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) के पास गणना प्रपत्र जमा कर सकते हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि चुनाव अधिकारी बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से इन मतदाताओं से संपर्क करने का प्रयास करेंगे। इसके लिए बीएलओ उनसे व्यक्तिगत रूप से या व्हाट्सऐप, ईमेल और एसएमएस के जरिये संपर्क कर सकते हैं।
बयान के मुताबिक, मतदाता मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट या ईसीआईनेट मंच पर अपना मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) नंबर दर्ज कर गणना प्रपत्र डाउनलोड कर सकते हैं और उसे भर सकते हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘बीएलओ मतदाताओं तक पहुंचने के लिए राजनीतिक दलों के मतदान केंद्र स्तर के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय करेंगे। वे मतदाताओं से संपर्क करने और उन्हें प्रपत्र जमा करने की प्रक्रिया समझाने के लिए पड़ोसियों, रिश्तेदारों, स्थानीय निवासियों और ‘रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन’ (आरडब्ल्यूए) से भी मदद लेंगे।’’
जिन मतदाताओं ने अपना मूल निवास स्थान नहीं बदला है, उन्हें यह बताना होगा कि वे पहले अपना गणना प्रपत्र क्यों जमा नहीं कर सके।
वहीं, जिन मतदाताओं ने अपना निवास स्थान बदल लिया है, उन्हें अनुलग्नक-सी में अपना नया पता और विधानसभा क्षेत्र का विवरण देना होगा।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि एएसडीडी श्रेणी के तहत आने वाले मतदाताओं की सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
एसआईआर अभियान के बाद महाराष्ट्र की मसौदा मतदाता सूची से कुल 2,06,88,487 मतदाताओं के नाम हट गए थे। एक नवंबर तक नाम शामिल कराने के लिए प्रपत्र-6 के कुल 14.1 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें मसौदा मतदाता सूची से बाहर किए गए मतदाताओं के साथ-साथ पहली बार मतदाता बनने वाले लोग भी शामिल हैं।
भाषा गोला सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.