scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशहाथापाई पहलवानों को हतोत्साहित करने का प्रयास, आप समर्थन देना जारी रखेगी : गोपाल राय

हाथापाई पहलवानों को हतोत्साहित करने का प्रयास, आप समर्थन देना जारी रखेगी : गोपाल राय

Text Size:

नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पहलवानों और दिल्ली पुलिस के बीच हुई हाथापाई कुश्ती खिलाड़ियों को हतोत्साहित करने और जंतर-मंतर छोड़ने को मजबूर करने का प्रयास था। ये पहलवान 23 अप्रैल से ही धूप, बारिश सहित मौसम के थपेड़े झेलते हुए जंतर-मंतर पर जमे हुए हैं।

दिल्ली में आप के समन्वयक गोपाल राय ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘उन्हें गालियां दी गई, धक्का-मुक्की और पिटाई की गई। वीडियो और फुटेज सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण, शर्मनाक और दर्दनाक था। देश को सम्मान दिलाने वाले पहलवान धूप और बारिश झेलते हुए जंतर-मंतर पर बैठे हुए हैं।’’

राय ने इसपर जोर दिया कि आप पहलवानों का समर्थन करना जारी रखेगी और कहा कि केन्द्र को उनकी समस्याएं सुनकर उनका समाधान निकालना चाहिए था।

बुधवार की रात पहलवानों और कुछ पुलिसकर्मियों के बीच हुई हाथापाई में कुछ प्रदर्शनकारियों के सिर में चोट आई है। पहलवानों का आरोप है कि नशे की हालत में पुलिसकर्मियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया है, लेकिन दिल्ली पुलिस ने आरोपों से इंकार करते हुए कहा है उन्होंने पहलवानों के खिलाफ बल प्रयोग नहीं किया है।

आप ने घटना पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार को अपने विधायकों, पार्षदों और पदाधिकारियों की बैठक बुलायी थी। बैठक के बाद राय ने कहा कि आप पहलवानों का समर्थन करना जारी रखेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह हाथापाई पहलवानों को हतोत्साहित करने और उन्हें जंतर-मंतर छोड़ने के लिए विवश करने का प्रयास था।

उन्होंने कहा, ‘‘यह उनकी आवाज को दबाने के लिए किया जा रहा है। आज एक बैठक करके फैसला लिया गया कि हम उनका समर्थन करना जारी रखेंगे। आंदोलन का नेतृत्व हमारे पहलवान करेंगे। वह जो भी फैसला लेंगे, हम उनका समर्थन करेंगे और उनके साथ खड़े रहेंगे।’’

‘खराब छवि वाले’ नेताओं के शामिल होने से पहलवानों के आंदोलन की साख घटने वाले केन्द्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी के बयान के बारे में पूछने पर राय ने कहा कि उन्होंने कहा था कि भाजपा नेताओं को पहलवानों के साथ खड़े होना चाहिए।

राय ने कहा, ‘‘आप के पदाधिकारी वहां नहीं जाएंगे। लेकिन अगर वे आंदोलन को दबाने का प्रयास करेंगे तो आप उनका समर्थन करेंगे। भाजपा उनके साथ खड़ी क्यों नहीं हो रही है? मीनाक्षी लेखी उनके साथ क्यों नहीं खड़ी हें? हम अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएंगे। अगर वह (पहलवान) चाहेंगे तो हम खिलाड़ियों का समर्थन करेंगे। हम आम जनता की तरह उनका समर्थन करेंगे राजनीतिक पार्टी के रूप में नहीं।’’

आप इस आंदोलन को ‘हाईजैक’ करने का प्रयास कर रही है, इस टिप्पणी को गोपाल राय ने ‘मामूली’ बताया।

राय ने कहा, ‘‘कल रात हुई घटना के संदर्भ में यह बयान मामूली हैं। कल रात हुई घटना की गंभीरता क्या थी? एक पुरुष पहलवान के सिर पर चोट लगी जबकि एक पुरुष पुलिसकर्मी ने महिला पहलवान को धक्का दिया। भाजपा के पास कल रात की घटना पर कहने को कुछ नहीं है। अगर उन्हें लगता है कि यह गलत है तो भाजपा सरकार इस संदर्भ में क्या कर रही है।’’

पुलिस ने बताया कि कांग्रेस नेता दीपेन्द्र हुड्डा और आप विधायक सोमनाथ भारती को हाथापाई के बाद हिरासत में लिया गया था, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

भाषा अर्पणा पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments