चिक्कमगलुरु (कर्नाटक), एक मार्च (भाषा) केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और उन्होंने स्थिति को ‘‘अस्थिर’’ बताया।
चिक्कमगलुरु के रामभापुरी मठ में पत्रकारों से जोशी ने कहा कि वह इस मामले को नयी दिल्ली में संबंधित मंत्रियों के समक्ष उठाएंगे।
जोशी ने कहा, ‘‘वहां (पश्चिम एशिया में) मुश्किल परिस्थितियां हैं। मुझे पता चला है कि कन्नड़ भाषी लोग फंसे हुए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं आज दिल्ली जाऊंगा और संबंधित मंत्रियों से बात करूंगा। वहां फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।’’
पूर्व में चलाए गए बचाव अभियानों का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा, ‘‘मोदी सरकार के कार्यकाल में हम युद्ध के दौरान सभी को सफलतापूर्वक वापस लेकर आए हैं।’’
उन्होंने क्षेत्र में हालात के अस्थिर होने की चेतावनी भी दी।
जोशी ने कहा, ‘‘फिलहाल वहां हालात अस्थिर हैं। वहां विमान उड़ाना भी खतरनाक है।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘वहां फंसे लोगों को सुरक्षित वापस लाने के हमारे प्रयास निरंतर जारी हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दुबई में अपने परिवार के साथ फंसे जद (एस) के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) भोजे गौड़ा और उनके साथ मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित वापस लाया जाना चाहिए।’’
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
