scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशशिक्षा मंत्री ने बुनियादी स्तरीय पठन पाठन सामग्री ‘‘जादुई पिटारा’’ जारी की

शिक्षा मंत्री ने बुनियादी स्तरीय पठन पाठन सामग्री ‘‘जादुई पिटारा’’ जारी की

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) शिक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बुनियादी स्तर पर छोटे बच्चों के पठन पाठन की नयी सामग्री ‘‘जादुई पिटारा’’ जारी की जिसमें खिलौने, कठपुतली, पोस्टर, आकर्षक कहानियों की किताबें, ‘‘फ्लैश कार्ड’’ आदि शामिल हैं।

नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति में बच्चों पर केंद्रित, खिलौना आधारित अनुभवों के जरिए पठन-पाठन पर जोर दिया गया है जो 3-8 वर्ष के बच्चों की बुनियादी समझ को मजबूत बनायेगा। ‘‘जादुई पिटारा’’ का डिजाइन ‘खेल के माध्यम से सीखो’ के आधार पर तैयार किया गया है।

शिक्षा राज्‍य मंत्री अन्नपूर्णा देवी और राष्ट्रीय पाठ्यक्रम की रूपरेखा संबंधी राष्ट्रीय संचालन समिति के अध्यक्ष डॉ. के कस्तूरीरंगन की उपस्थिति में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुनियादी चरण के लिए शिक्षण-अध्‍यापन सामग्री की शुरुआत की।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री प्रधान ने कहा कि सीखने के परिदृश्य को और अधिक जीवंत बनाने के लिए आज का यह दिन ऐतिहासिक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की दृष्टि के अनुरूप 3 से 8 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए खेल-आधारित शिक्षण-अध्‍यापन सामग्री ‘’जादुई पिटारा’’ को जारी किया गया है।

प्रधान ने कहा कि ‘‘प्लेबुक’’, खिलौने, पहेलियां, पोस्टर, ‘‘फ्लैश कार्ड’’, कहानी की किताबों के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति, सामाजिक संदर्भ और भाषाओं को मिलाकर बना ‘‘जादुई पिटारा’’ जिज्ञासा को बढ़ाने और लोगों की विविध आवश्यकताओं को समायोजित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय पाठ्यक्रम की रूपरेखा के तहत विकसित ‘‘जादुई पिटारा’’ 13 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है। यह सीखने-सिखाने के माहौल को समृद्ध करने और अमृत पीढ़ी के लिए इसे और अधिक बाल-केंद्रित, जीवंत और आनंदमय बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

भाषा दीपक

दीपक अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments