scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशअर्थजगतजेप्टो ने 45 करोड़ डॉलर की पूंजी जुटायी, मूल्यांकन सात अरब डॉलर पहुंचा

जेप्टो ने 45 करोड़ डॉलर की पूंजी जुटायी, मूल्यांकन सात अरब डॉलर पहुंचा

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (भाषा) फटाफट सामान पहुंचाने वाली कंपनी जेप्टो ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने कैलिफोर्निया पब्लिक एम्प्लॉइज रिटायरमेंट सिस्टम (कैल्पर्स) की अगुवाई में 45 करोड़ डॉलर (करीब 3,757.5 करोड़ रुपये) जुटाए हैं। यह पूंजी सात अरब डॉलर के मूल्यांकन पर जुटायी गयी है।

कंपनी ने इससे पहले पिछले साल नवंबर में 35 करोड़ डॉलर की पूंजी जुटायी थी। उस समय कंपनी का मूल्यांकन पांच अरब अमेरिकी डॉलर आंका गया था।

जेप्टो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और सह-संस्थापक आदित पलिचा ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘हमने लगभग 45 करोड़ डॉलर जुटाए हैं…। इसमें कंपनी का मूल्यांकन सात अरब डॉलर आंका गया। कुछ निवेशकों ने इसमें भाग लिया, लेकिन सबसे बड़ी राशि कैल्पर्स से आयी…। हम इसे आईपीओ से पहले का दौर मान रहे हैं और हम जल्द ही अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) दाखिल कर सकते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब हमारे पास बैंक में लगभग 90 करोड़ डॉलर की शुद्ध नकदी है और भविष्य के लिए हमारे पास अच्छी पूंजी है।’’

पलिचा ने कहा कि जैसे-जैसे कंपनी सार्वजनिक सूचीबद्धता की ओर बढ़ रही है, घरेलू स्वामित्व जल्द ही कुछ ही सप्ताह में मौजूदा के 12 प्रतिशत से बढ़कर 40 प्रतिशत हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह पूंजी जुटाने का अभियान निवेशकों के बढ़ते विश्वास को बताता है। जेप्टो को प्रतिदिन लगभग 17 लाख ऑर्डर मिल रहे हैं और इसके अधिकांश स्टोर लाभ की ओर बढ़ रहे हैं।

जेप्टो जुटाई गई राशि का उपयोग मुख्य रूप से एक स्वस्थ बही-खाता बनाए रखने और विस्तार के लिए करेगी। कंपनी पूंजी का एक हिस्सा अगले 12 महीनों में कुछ सौ नए स्टोर शुरू करने में खर्च करेगी।

भाषा रमण अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments