scorecardresearch
Tuesday, 16 June, 2026
होमदेशअर्थजगतयम ब्रांड्स 2.7 अरब डॉलर में पिज्जा हट कारोबार बेचेगी

यम ब्रांड्स 2.7 अरब डॉलर में पिज्जा हट कारोबार बेचेगी

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) वैश्विक त्वरित-सेवा रेस्तरां संचालक ‘यम ब्रांड्स’ ने रणनीतिक पुनर्गठन के तहत 2.7 अरब डॉलर के उद्यम मूल्य पर ‘पिज्जा हट’ कारोबार बेचने के लिए मंगलवार को दो अलग-अलग समझौतों की घोषणा की।

केएफसी, टैको बेल, पिज्जा हट और हैबिट बर्गर एंड ग्रिल जैसे ब्रांड का संचालन करने वाली कंपनी ने कहा कि उसने कुल 2.7 अरब डॉलर में पिज्जा हट कारोबार के विनिवेश के लिए पक्के समझौते किए हैं।

इन समझौतों के तहत मुख्यभूमि चीन के बाहर के पिज्जा हट संचालन को निजी इक्विटी फर्म लॉन्गरेंज कैपिटल लगभग 1.5 अरब डॉलर में खरीदेगी, जबकि चीन में पिज्जा हट कारोबार का करीब 1.2 अरब डॉलर में यम चाइना होल्डिंग्स अधिग्रहण करेगी।

यम ब्रांड्स ने कहा कि इन दोनों सौदों से कर और अन्य समायोजनों के बाद उसे लगभग 2.3 अरब डॉलर की शुद्ध प्राप्ति होने की उम्मीद है। साथ ही, पृथक्करण प्रक्रिया को लागू करने के लिए 2026 की शेष अवधि में करीब 8.5 करोड़ डॉलर का एकमुश्त खर्च भी आने का अनुमान है।

ये सौदे नवंबर] 2025 में शुरू हुई रणनीतिक समीक्षा के बाद किए गए हैं। इनके नियामकीय मंजूरी सहित अन्य शर्तों के अधीन 2026 की तीसरी तिमाही तक पूरे होने की उम्मीद है।

सौदा पूरा होने के बाद यम ब्रांड्स अपने पिज्जा हट प्रभाग के बारे में अलग से आंकड़े नहीं जारी करेगी।

कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) क्रिस टर्नर ने कहा, ‘‘इन लेनदेन से कंपनी को अपने मुख्य कारोबार पर अधिक ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी और दीर्घकालिक मूल्य सृजन को बढ़ावा मिलेगा।’’

इसके अलावा, यम ब्रांड्स के निदेशक मंडल ने अतिरिक्त चार अरब डॉलर के शेयर पुनर्खरीद प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।

यम ब्रांड्स 155 देशों में 63,000 से अधिक रेस्तरां संचालित करती है। भारतीय बाजार में उसकी इकाई के 2,000 से अधिक आउटलेट विभिन्न फ्रेंचाइजी भागीदारों के साथ संचालित होते हैं।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments