scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशअर्थजगतपश्चिम एशिया तनाव का हमारे भारतीय कारोबार पर असर नहींः सेल्सफोर्स

पश्चिम एशिया तनाव का हमारे भारतीय कारोबार पर असर नहींः सेल्सफोर्स

Text Size:

मुंबई, 10 अप्रैल (भाषा) वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी सेल्सफोर्स ने कहा है कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव का भारत में उसके कारोबार पर अब तक कोई असर नहीं देखा गया है और ग्राहक प्रौद्योगिकी में निवेश जारी रखे हुए हैं।

सेल्सफोर्स की दक्षिण एशिया प्रमुख एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुंधति भट्टाचार्य ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “अभी तक स्थिति ठीक दिख रही है। ग्राहक अपने निवेश को लेकर सतर्क जरूर हैं, लेकिन प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में निवेश से पीछे हटते नहीं दिख रहे।”

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बनी हुई है, लेकिन प्रौद्योगिकी तेजी से विकसित हो रही है और भारत स्थित प्रशासनिक और सहायक कर्मचारी (बैक ऑफिस टीम) वैश्विक परिचालन को लगातार समर्थन दे रहे हैं।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सेल्सफोर्स का भारत में कारोबार वित्त वर्ष 2024-25 में 47 प्रतिशत बढ़कर 13,384 करोड़ रुपये हो गया जबकि एकीकृत लाभ 45 प्रतिशत बढ़कर 1,292 करोड़ रुपये रहा।

भट्टाचार्य ने कहा कि भारत जैसे युवा देश में शिक्षा क्षेत्र कंपनी के लिए एक बड़ा अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा, “शिक्षा क्षेत्र में हितधारकों का दायरा बहुत बड़ा है, जहां हम प्रवेश प्रक्रिया से लेकर पूर्व छात्रों के नेटवर्क प्रबंधन तक समाधान दे सकते हैं।”

हाल में कंपनी ने प्रबंध शिक्षण संस्थान एनएमआईएमएस के साथ साझेदारी की है जिसके तहत संस्थान में प्रवेश और छात्र सहभागिता के लिए डिजिटल समाधान लागू किए जाएंगे।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments