scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशअर्थजगतवेदांता ने 20 कोरियाई कंपनियों के साथ डिस्प्ले केंद्र के लिए किए करार

वेदांता ने 20 कोरियाई कंपनियों के साथ डिस्प्ले केंद्र के लिए किए करार

Text Size:

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) वेदांता समूह ने सोमवार को कहा कि उसने भारत में एक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण केंद्र के विकास के लिए डिस्प्ले ग्लास क्षेत्र से जुड़ी 20 कोरियाई कंपनियों के साथ समझौते किए हैं।

हाल ही में संपन्न कोरिया बिज-ट्रेड शो 2023 में वेदांता समूह को एक रोडशो के लिए आमंत्रित किया गया था। इस शो का आयोजन कोरियाई सरकार के व्यापार एवं निवेश प्रोत्साहन निकाय कोट्रा ने किया था।

वेदांता के सेमीकंडक्टर एवं डिस्प्ले कारोबार के वैश्विक प्रबंध निदेशक आकर्ष के हेब्बार ने एक बयान में कहा कि 20 कोरियाई कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। उन्होंन कहा कि कोरिया की 50 से अधिक कंपनियों ने वेदांता के साथ साझेदारी करने में रुचि दिखाई थी।

इस बयान में हेब्बार ने भारत में एक डिस्प्ले विनिर्माण केंद्र स्थापित करने की वेदांता की योजना की जानकारी देने के साथ संभावित साझेदारों एवं उपभोक्ताओं को अपने साथ जुड़ने के लिए आमंत्रित भी किया।

उन्होंने कहा कि सरकार की अनुकूल नीतियों से भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स का गढ़ बनाने की कोशिशें तेज हुई हैं। उन्होंने कहा कि वेदांता का डिस्प्ले विनिर्माण केंद्र इस प्रस्तावित इलेक्ट्रॉनिक्स केंद्र में महत्वपूर्ण स्थान रखेगा।

वेदांता और फॉक्सकॉन के संयुक्त उद्यम ने गुजरात में एक सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। इसके अलावा वेदांता ने एक डिस्प्ले इकाई लगाने का भी आवेदन किया है। यह इकाई मोबाइल फोन, टेलीविजन एवं अन्य डिजिटल उत्पादों के लिए स्क्रीन बनाने का काम करेगी।

भाषा प्रेम प्रेम पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments