नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) कैलिफोर्निया स्थित प्रौद्योगिकी कंपनी यूएसटी ने भारतीय सेमीकंडक्टर निर्माता केन्स सेमीकॉन के साथ एक संयुक्त उद्यम की सोमवार को घोषणा की।
इसके तहत गुजरात के साणंद में 3,330 करोड़ रुपये की ओएसएटी (आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट) सुविधा स्थापित की जाएगी।
कंपनी ने बयान में कहा कि यह निवेश इलेक्ट्रॉनिक, इलेक्ट्रिक वाहनों, नवीकरणीय ऊर्जा और उपभोक्ता प्रौद्योगिकी में नवाचार को बढ़ावा देने में यूएसटी और केन्स सेमीकॉन के बीच मजबूत सहयोग को बढ़ावा देगा। साथ ही इससे भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर केंद्र बनाने में मदद मिलेगी।
यूएसटी की विश्वव्यापी उपस्थिति और मौजूदा सेमीकंडक्टर ग्राहक आधार इसे केन्स सेमीकॉन के लिए एक महत्वपूर्ण साझेदार बनाते हैं।
इस साझेदारी के तहत यूएसटी की डिजिटल इंजीनियरिंग, एआई-संचालित प्रक्रिया सुधारों और तत्काल डेटा विश्लेषण का भी लाभ मिलेगा।
केन्स सेमीकॉन की स्थापना 2008 में हुई थी और यह केन्स टेक्नोलॉजी इंडिया लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सेमीकंडक्टर अनुषंगी कंपनी है।
भाषा पाण्डेय निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.