नोएडा, 19 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि सितंबर के अंत में होने वाली ‘उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी’ (यूपीआईटीएस-2025) राज्य की समृद्ध परंपराओं, कौशल एवं उत्पादों को वैश्विक मंच पर पेश करने के साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियानों को भी रेखांकित करेगी।
मुख्यमंत्री ने ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट का निरीक्षण कर 25 से 29 सितंबर तक चलने वाले इस व्यापार मेले की तैयारियों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों इस व्यापार प्रदर्शनी का उद्घाटन होने की संभावना है।
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि इस प्रदर्शनी में हर जिले को ओडीओपी (एक जिला, एक उत्पाद) स्टॉल के साथ सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। उन स्टॉल पर जिलों के विशिष्ट हस्तशिल्प, खाद्य सामग्री और औद्योगिक उत्पाद अंतरराष्ट्रीय खरीदारों एवं निवेशकों को दिखाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यूपीआईटीएस-2025 केवल प्रदर्शनी नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश की विविधता, सांस्कृतिक धरोहर और उद्यमशील प्रतिभा का एक वैश्विक मंच होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि व्यापार मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार जिलों और शैक्षणिक संस्थानों तक किया जाए। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पोस्टर, डिजिटल स्क्रीन और कार्यक्रम संबंधी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी ताकि युवाओं, शिक्षकों और स्थानीय समुदाय में उद्यमिता एवं नवाचार के प्रति जागरूकता बढ़े।
उन्होंने कहा, ‘खादी, हस्तशिल्प और ग्रामोद्योग उत्पादों को अधिक दृश्यता और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए फैशन शो भी आयोजित होगा, जिसमें देश के प्रमुख फिल्मी शहरों के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा।’
निरीक्षण के दौरान एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी मौजूद थे।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
