scorecardresearch
Saturday, 3 October, 2026
होमदेशअर्थजगतअनिश्चित आय के कारण युवा खेती छोड़ रहे हैं: अनंत अंबानी

अनिश्चित आय के कारण युवा खेती छोड़ रहे हैं: अनंत अंबानी

Text Size:

मदनपल्ली (आंध्र प्रदेश), दो अक्टूबर (भाषा) रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने शुक्रवार को यहां कहा कि अनिश्चित आय और सीमित अवसरों के चलते कई युवा खेती से दूर हो रहे हैं।

उन्होंने यहां एक लाख करोड़ रुपये के वैश्विक बागवानी केंद्र और इंडियन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर (आईएसए) के शिलान्यास समारोह के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए युवाओं को कौशल, प्रौद्योगिकी और उद्यमिता से लैस करने का आह्वान किया, ताकि वे अपने गांवों में ही सफल भविष्य बना सकें।

अंबानी ने कहा, ”बहुत सारे युवा खेती छोड़ देते हैं क्योंकि आमदनी अनिश्चित होती है और अवसर सीमित नजर आते हैं। आइए हम उन्हें अपने गांवों में ही सफल भविष्य बनाने के लिए कौशल, तकनीक और उद्यम प्रदान करें।”

उन्होंने कहा कि आईएसए खेती को एक ऐसा पेशा बनाने में मदद कर सकता है जिसे युवा भारतीय गर्व के साथ चुनें। इस केंद्र की स्थापना और प्रबंधन रिलायंस करेगी। रिलायंस जियो गांवों में इंटरैक्टिव वर्चुअल कक्षाओं के जरिये भारतीय भाषाओं में प्रशिक्षण मॉड्यूल को लाखों किसानों तक पहुंचाने के लिए आईएसए के साथ सहयोग करेगी।

अंबानी ने कहा कि शिक्षित ग्रामीण युवा डिजिटल रूप से सक्षम विस्तार कार्यकर्ता बन सकते हैं, जो किसानों की मदद करेंगे।

उन्होंने बताया कि रिलायंस जियो ने एक नया मंच ‘जियो कृषि’ तैयार किया है, जिसने किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए कई नये उत्पाद विकसित किए हैं।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments