scorecardresearch
Saturday, 3 October, 2026
होमरिपोर्टउत्तराखंड में अंतिम मतदाता सूची जारी, 71.59 लाख मतदाता शामिल

उत्तराखंड में अंतिम मतदाता सूची जारी, 71.59 लाख मतदाता शामिल

विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद 1.29 लाख नए नाम जुड़े, 1.04 लाख नाम हटाए गए

Text Size:

नई दिल्ली: उत्तराखंड में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर किए गए विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद शनिवार, 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई. अंतिम सूची में कुल 71,58,949 मतदाता शामिल हैं.

अभियान की शुरुआत 8 जून को 79,60,762 मतदाताओं के साथ हुई थी. 14 जुलाई को जारी ड्राफ्ट सूची में 71,33,785 मतदाता शामिल थे. दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 14 जुलाई से 13 अगस्त तक समय दिया गया, जबकि इनके निस्तारण की प्रक्रिया 13 अगस्त से 28 सितंबर तक चली.

अंतिम सूची में 34,21,036 महिला, 37,37,701 पुरुष और 212 थर्ड जेंडर मतदाता हैं. इनमें 18-19 आयुवर्ग के 72,656 और 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,22,892 मतदाता शामिल हैं. पुनरीक्षण के दौरान 1,29,872 नए मतदाताओं को जोड़ा गया, जबकि 1,04,708 नाम नियमानुसार हटाए गए. प्रदेश में कुल 12,543 मतदेय स्थल हैं.

मतदाता सूची आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर उपलब्ध है. सूची में नाम नहीं होने वाले पात्र लोग फॉर्म-6 के जरिए ऑनलाइन या बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे. इसके लिए बूथ स्तर पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे. बीएलओ घर-घर जाकर छूटे, नए और युवा मतदाताओं की पहचान भी करेंगे.

 

share & View comments