नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) प्रमुख आभूषण और घड़ी निर्माता कंपनी टाइटन का वित्त वर्ष 2025-26 की सितंबर तिमाही का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 59 प्रतिशत बढ़कर 1,120 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। कंपनी ने एक साल पहले जुलाई-सितंबर तिमाही में 704 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया था।
सितंबर तिमाही में कंपनी की बिक्री 22.17 प्रतिशत बढ़कर 16,461 करोड़ रुपये की हो गई। पिछले साल की इसी तिमाही में यह 13,473 करोड़ रुपये थी।
सितंबर तिमाही में टाइटन का कुल खर्च 26.3 प्रतिशत बढ़कर 17,316 करोड़ रुपये हो गया।
टाइटन की कुल आय, जिसमें अन्य आय भी शामिल है, सितंबर तिमाही के दौरान 28.5 प्रतिशत बढ़कर 18,837 करोड़ रुपये हो गयी।
तिमाही के दौरान, टाइटन का आभूषण कारोबार 29.3 प्रतिशत बढ़कर 16,522 करोड़ रुपये का हो गया।
आभूषण कारोबार में, टाइटन का घरेलू कारोबार, जिसमें तनिष्क, मिया और ज़ोया शामिल हैं, 18 प्रतिशत बढ़कर 12,460 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने कहा, ‘‘नवरात्रि के दौरान त्योहारी अवधि में घरेलू कारोबार में उपभोक्ता गति में मजबूत वृद्धि देखी गई।’’
इसी तरह, घड़ियों और पहनने योग्य वस्तुओं से राजस्व 13.26 प्रतिशत बढ़कर 1,477 करोड़ रुपये हो गया।
इसके नेत्र देखभाल खंड का राजस्व 8.9 प्रतिशत बढ़कर 220 करोड़ रुपये हो गया।
टाइटन, टाटा समूह और तमिलनाडु औद्योगिक विकास निगम (टिडको) का एक संयुक्त उद्यम है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
