scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशअर्थजगतछत्तीसगढ़ में वर्तमान में कुल स्थापित विद्युत क्षमता 30 हजार 671.7 मेगावाट : सचिव

छत्तीसगढ़ में वर्तमान में कुल स्थापित विद्युत क्षमता 30 हजार 671.7 मेगावाट : सचिव

Text Size:

रायपुर, 19 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ में ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश की कुल स्थापित विद्युत क्षमता 30 हजार 671.7 मेगावाट है तथा राज्य में उपभोक्ताओं की संख्या 65 लाख से अधिक है।

यादव ने बृहस्पतिवार को संवाददाता सम्मेलन में ऊर्जा विभाग की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर अपने विचार साझा किए।

उन्होंने बताया कि राज्य में ऊर्जा उत्पादन, पारेषण और वितरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है तथा आने वाले वर्षों के लिए एक व्यापक कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।

यादव ने बताया कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी, एनटीपीसी तथा निजी उत्पादकों को मिलाकर प्रदेश की कुल स्थापित विद्युत क्षमता 30 हजार 671.7 मेगावाट है। इसमें 28 हजार 824 मेगावाट ताप विद्युत, 220 मेगावाट जल विद्युत तथा सोलर, बायोमास आदि स्रोतों से 2,047 मेगावाट क्षमता शामिल है।

उन्होंने बताया कि ताप विद्युत क्षेत्र में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी की 2,840 मेगावाट, एनटीपीसी और निजी स्वामित्व के बिजलीघरों की 20 हजार 299 मेगावाट तथा कैप्टिव बिजली संयंत्रों की पांच हजार 266 मेगावाट क्षमता है।

अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार का लक्ष्य ताप विद्युत पर निर्भरता कम कर कार्बन उत्सर्जन घटाने पर है। नेट जीरो कार्बन लक्ष्य के तहत वर्ष 2030 तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे देश की 50 प्रतिशत ऊर्जा आवश्यकता नवीकरणीय स्रोतों से पूरी की जा सके। इस दिशा में जल विद्युत और पंप स्टोरेज परियोजनाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो ग्रिड संतुलन बनाए रखने में सहायक होंगी।

उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा पंप स्टोरेज आधारित जल विद्युत परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए नीति 2023 लागू की गई है। इसके तहत छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी द्वारा 8,300 मेगावाट क्षमता के छह स्थलों को चिन्हित किया गया है, जिनमें से पांच की व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और डीपीआर निर्माणाधीन है। निजी क्षेत्र में भी लगभग पांच हजार मेगावाट क्षमता की परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

ऊर्जा सचिव यादव ने बताया कि नवीकरणीय ऊर्जा विस्तार के तहत एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड तथा राज्य उत्पादन कंपनी के संयुक्त उपक्रम द्वारा लगभग दो हजार मेगावाट क्षमता की परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं।

यादव ने बताया कि छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी द्वारा कोरबा पश्चिम में 660-660 मेगावाट की दो सुपर क्रिटिकल इकाइयों तथा मड़वा में 800 मेगावाट की इकाई स्थापित करने की दिशा में कार्य प्रगति पर है।

ऊर्जा सचिव ने बताया कि राज्य में उपभोक्ताओं की संख्या 65 लाख से अधिक हो गई है। विगत दो वर्षों में हजारों किमी नई लाइनें, उपकेन्द्र और ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, पीएम कुसुम, डॉक्टर खूबचंद बघेल किसान विद्युत सहायता योजना तथा बीपीएल उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं से लाखों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विद्युतीकरण के लिए नियद नेल्ला नार योजना के अंतर्गत सैकड़ों गांवों तक बिजली पहुंचाई गई है।

भाषा संजीव

शफीक अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments