scorecardresearch
Sunday, 15 March, 2026
होमदेशअर्थजगतकेंद्र सरकार कर्नाटक से मूंग, काला चना, सूरजमुखी खरीदेगी: केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी

केंद्र सरकार कर्नाटक से मूंग, काला चना, सूरजमुखी खरीदेगी: केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी

Text Size:

बेंगलुरु, 20 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने शनिवार को कहा कि मूल्य समर्थन योजना प्रणाली के तहत केंद्र सरकार कर्नाटक से मूंग, काला मूंग, सूरजमुखी, मूंगफली और सोयाबीन की खरीद करेगी, जिससे राज्य के किसानों को काफी लाभ होगा।

मंत्री ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से अनुरोध किया है कि वह राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत वित्त वर्ष 2025-26 खरीफ सीजन के दौरान कर्नाटक में उगाई गई इन फसलों की खरीद को मंजूरी दें।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में चौहान का एक पत्र साझा किया, ‘मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि केंद्र सरकार ने अब इस अनुरोध को मंजूरी दे दी है।’

चौहान ने जोशी को 20 सितंबर को लिखे पत्र में कहा, ‘मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि कर्नाटक सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 खरीफ सत्र के दौरान राज्य में मूंग, काला चना, सूरजमुखी, मूंगफली और सोयाबीन की खरीद के लिए पीएसएस के कार्यान्वयन के प्रस्ताव भेजे हैं। उचित विचार-विमर्श के बाद, इस मंत्रालय ने कर्नाटक में पीएसएस के तहत 38,000 मीट्रिक टन मूंग, 60,180 मीट्रिक टन काला चना, 15,650 मीट्रिक टन सूरजमुखी, 61,148 मीट्रिक टन मूंगफली और 1,15,000 मीट्रिक टन सोयाबीन की खरीद को मंजूरी दे दी है।’

पत्र में आगे कहा गया कि यह मंजूरी किसानों के हितों की रक्षा करने और उन्हें एक स्थिर व टिकाऊ आय सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

जोशी ने कहा कि यह निर्णय किसानों के कल्याण के प्रति केंद्र सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कर्नाटक सरकार से आग्रह किया कि वह तुरंत जिला-वार खरीद केंद्र स्थापित करे और पूरे राज्य में खरीद प्रक्रिया शुरू करे।

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments