scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशअर्थजगतजम्मू-कश्मीर में अंतर-सर्किल रोमिंग सुविधा तत्काल बहाल करने का दूरसंचार कंपनियों को निर्देश

जम्मू-कश्मीर में अंतर-सर्किल रोमिंग सुविधा तत्काल बहाल करने का दूरसंचार कंपनियों को निर्देश

Text Size:

नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) केंद्र सरकार ने सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को जम्मू-कश्मीर में एक सर्किल से दूसरे सर्किल के भीतर रोमिंग (आईसीआर) की सुविधा को तत्काल प्रभाव से दो सितंबर तक बहाल करने के निर्देश दिए हैं।

सरकार ने यह निर्देश केंद्रशासित प्रदेश में कई दिनों से जारी तेज बारिश और भूस्खलन के कारण कई इलाकों में संचार सेवाओं पर पड़े असर को ध्यान में रखते हुए दिया है।

दूरसंचार विभाग की आपदा प्रबंधन इकाई ने अपने एक आदेश में कहा है कि दूरसंचार सेवा प्रदाताओं भारती एयरटेल, बीएसएनएल, रिलायंस जियो और वोडाफोन-आइडिया के नियामकीय प्रमुखों को यह निर्देश भेजा गया है।

आधिकारिक आदेश में कहा गया, “जम्मू-कश्मीर में भारी वर्षा और कई स्थानों पर भूस्खलन की मौजूदा स्थिति को देखते हुए एकीकृत दूरसंचार लाइसेंस की धारा 29.6 और आपदाओं की स्थिति में प्रतिक्रिया के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया 2020 के तहत सभी सेवा प्रदाताओं को तत्काल प्रभाव से अंतर-सर्किल रोमिंग सुविधा सक्रिय करने के निर्देश दिए जाते हैं।”

इसमें कहा गया है कि रोमिंग सुविधा दो सितंबर की रात 11 बजकर 59 मिनट तक अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, जारी रहेगी।

इसके मुताबिक, आईसीआर सुविधा जम्मू-कश्मीर में मौजूद सभी रोमिंग सेवा उपयोगकर्ताओं को उपलब्ध कराई जाएगी और इसे शीर्ष प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

जम्मू क्षेत्र में लगातार चौथे दिन हुई भारी बारिश के चलते कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है और ऑप्टिकल फाइबर के क्षतिग्रस्त होने से सभी प्रमुख सेवा प्रदाताओं की नेटवर्क सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

इससे आपात सेवाओं के संचालन में गतिरोध पैदा हुआ और स्थानीय निवासी परेशान होने लगे।

दूरसंचार कंपनियों ने कहा है कि तकनीकी टीमों को संचार सेवा बहाल करने के लिए तैनात कर दिया गया है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments