scorecardresearch
Friday, 20 March, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत-अमेरिका व्यापार समझौते के लिए बातचीत लगातार जारी: गोयल

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के लिए बातचीत लगातार जारी: गोयल

Text Size:

दोहा, सात अक्टूबर (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि भारत और अमेरिका प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर लगातार बातचीत कर रहे हैं। नवंबर में वार्ता पूरी करने की सभी संभावनाएं मौजूद हैं।

गोयल ने अगले दौर की व्यापार वार्ता प्रत्यक्ष रूप से होने की संभावना पर कहा कि हर संभावना मौजूद है, लेकिन अमेरिका में इस समय ‘शटडाउन’ यानी विभागों के लिए वित्त पोषण पर सहमति नहीं होने से कामकाज ठप होने से यह देखना बाकी है कि अगले दौर की वार्ता कैसे, कहां और कब हो सकती है।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ”आप सब जानते हैं कि अमेरिका में आजकल सरकार ‘शटडाउन मोड’ में है, तो उसके मददेनजर देखना पड़ेगा कि कैसे बातचीत हो सकती है, कहां हो सकती है, और कब हो सकती है।”

अमेरिका में एक अक्टूबर की आधी रात से कुछ विभागों में कामकाज ठप हुआ है। इसका कारण कांग्रेस (अमेरिकी संसद) वित्त पोषण विधेयक पारित करने में विफल रही है। सैद्धांतिक रूप से, इसका मतलब है कि कई सरकारी कर्मचारियों को अभी वेतन नहीं मिलेगा और सेवा केंद्र बंद हैं। हालांकि, रक्षा और सामाजिक क्षेत्र जैसे महत्वपूर्ण कार्य जारी रहेंगे। गोयल एक दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर यहां आए हैं।

उन्होंने कहा, ”हम (व्यापार समझौते पर) अमेरिका के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं और विभिन्न स्तरों पर बातचीत चल रही है। हम जल्द ही इस बारे में और जानकारी देंगे कि हम इसे कैसे आगे बढ़ाने की सोच रहे हैं।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या दोनों पक्ष वार्ता समाप्त करने के लिए नवंबर की समय-सीमा का पालन कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा, ”इसकी पूरी संभावना है।”

पिछले महीने गोयल ने व्यापार वार्ता के लिए न्यूयॉर्क में एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था। उस बैठक के बाद भारत और अमेरिका ने पारस्परिक रूप से लाभकारी द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर शीघ्र निष्कर्ष निकालने के लिए बातचीत जारी रखने का निर्णय लिया।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments