scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशअर्थजगतमेघालय में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा के लिए स्टारलिंक, राज्य सरकार के बीच समझौता

मेघालय में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा के लिए स्टारलिंक, राज्य सरकार के बीच समझौता

Text Size:

नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) एलन मस्क के नेतृत्व वाली कंपनी ‘स्टारलिंक’ ने मेघालय सरकार के साथ राज्य में उपग्रह आधारित उच्च गति वाली इंटरनेट सेवा प्रदान करने की संभावनाओं पर काम करने के लिए हाथ मिलाया है। कंपनी ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

स्टारलिंक को भारत में उपग्रह संचार (सैटकॉम) सेवाएं शुरू करने के लिए केंद्र सरकार से आशय पत्र प्राप्त हो चुका है। हालांकि कंपनी को अभी लाइसेंस के लिए आवश्यक अन्य मानदंडों को पूरा करना बाकी है।

कंपनी के बयान के अनुसार, ‘मेघालय सरकार और स्टारलिंक इंडिया के बीच बुधवार को एक आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। इस सहयोग का उद्देश्य स्टारलिंक की बहुप्रतीक्षित उपग्रह आधारित प्रौद्योगिकी के माध्यम से राज्य में हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी प्रदान करने की संभावनाओं को तलाशना है।’

इस समझौते पर मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर स्टारलिंक के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद थे। प्रतिनिधियों में स्पेसएक्स की अध्यक्ष और मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) ग्विन शॉटवेल, स्टारलिंक व्यावसायिक परिचालन की उपाध्यक्ष लॉरेन ड्रेयर और स्टारलिंक इंडिया के प्रमुख प्रभाकर जयकुमार शामिल थे।

बयान में कहा गया है कि इस सहयोग के माध्यम से सरकार राज्य में स्टारलिंक की इंटरनेट सेवा का एक प्रायोगिक परीक्षण करेगी। यह कदम राज्य के कोने-कोने तक डिजिटल प्रौद्योगिकी का लाभ पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है। यह परीक्षण भारत में स्टारलिंक को स्पेक्ट्रम (रेडियो तरंगों का आवंटन) मिलने के बाद शुरू होगा।

मुख्यमंत्री संगमा ने उम्मीद जताई कि स्टारलिंक के साथ यह जुड़ाव विकास के नए रास्ते खोलेगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और आर्थिक विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को डिजिटल मजबूती मिलेगी।

वहीं, ग्विन शॉटवेल ने प्रौद्योगिकी के उपयोग के माध्यम से राज्य को आगे ले जाने के मेघालय सरकार के प्रयासों की सराहना की।

भाषा सुमित रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments