scorecardresearch
Monday, 20 April, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत में गुणवत्ता वाली सेवा देने को लेकर उत्साहित है स्टारलिंक: कंपनी अधिकारी

भारत में गुणवत्ता वाली सेवा देने को लेकर उत्साहित है स्टारलिंक: कंपनी अधिकारी

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) स्टारलिंक भारत में उपग्रह संचार पर आधारित ब्रॉडबैंड सेवा शुरू करने को लेकर उत्साहित है और वह एक सुरक्षित, नियमों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता वाली ब्रॉडबैंड सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी के शीर्ष अधिकारी ने बुधवार को यह बात कही।

स्टारलिंक के निदेशक (भारतीय बाजार पहुंच) पर्निल उर्ध्वरेषे ने यहां आयोजित ‘इंडिया मोबाइल कांग्रेस’ (आईएमसी) के मौके पर कहा कि स्टारलिंक भारत में इस बात पर ध्यान केंद्रित कर रही है कि जो यह विकल्प अपनाने वाले भारतीयों को सुरक्षित और बेहतरीन अनुभव प्रदान किया जा सके।

उनकी यह टिप्पणी इस लिहाज से महत्वपूर्ण है कि भारत में उपग्रह संचार सेवाओं की शुरुआत को लेकर लोगों में उत्साह तेजी से बढ़ रहा है।

इस क्षेत्र में अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क की स्टारलिंक, भारती समूह की यूटेलसैट वनवेब और रिलायंस जियो-एसईएस जैसी बड़ी कंपनियां सक्रिय रूप से भाग लेने की तैयारी कर रही हैं।

उर्ध्वरेषे ने उपग्रह संचार आधारित ब्रॉडबैंड सेवाओं की शुरुआत के लिए सरकार के व्यापक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संचार मंत्रालय, दूरसंचार नियामक ट्राई, अंतरिक्ष विभाग, इनस्पेस और डीपीआईआईटी के बीच बेहतरीन समन्वय देखने को मिला है।

उन्होंने कहा, ‘हम सरकार के शानदार काम से बहुत उत्साहित हैं। सभी संस्थान मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि यह विकल्प भारतीयों के लिए उपलब्ध हो।’

उन्होंने भारत में ब्रॉडबैंड की कहानी लिखने वालों के साथ काम करने का उत्साह जताते हुए कहा कि स्टारलिंक उनसे सीखने के लिए उत्सुक है।

भाषा योगेश प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments