scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशअर्थजगतबैंकिंग, आईटी शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स की 1,564 अंक की लंबी छलांग, निफ्टी 17,750 अंक के पार

बैंकिंग, आईटी शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स की 1,564 अंक की लंबी छलांग, निफ्टी 17,750 अंक के पार

Text Size:

मुंबई, 30 अगस्त (भाषा) घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को जबर्दस्त उछाल दर्ज किया गया और बीएसई सेंसेक्स 1,564 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। यह सेंसेक्स में पिछले तीन महीने से अधिक में एक दिन की सबसे बड़ी बढ़त है।

वैश्विक स्तर पर मिलेजुले रुख के बीच बैंकिंग, आईटी और पेट्रोलियम कंपनियों के शेयरों में जोरदार लिवाली से बाजार में तेजी लौटी।

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 1,564.45 अंक यानी 2.70 प्रतिशत की लंबी छलांग के साथ 59,537.07 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,627.16 अंक तक चढ़ गया था।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 446.40 अंक यानी 2.58 प्रतिशत चढ़कर 17,759.30 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार में 20 मई के बाद किसी एक दिन में यह सबसे बड़ा उछाल है। इससे पहले सोमवार को बाजार 1.4 प्रतिशत गिर गया था।

अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पावल द्वारा नीतिगत दरों में आक्रामक तरीके से वृद्धि के संकेत से बाजार में भारी गिरावट आई थी।

इस गिरावट के बाद मंगलवार को बाजार ने जोरदार वापसी की। सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फिनसर्व में सबसे अधिक 5.47 प्रतिशत का उछाल आया तथा बजाज फाइनेंस का शेयर 4.86 प्रतिशत चढ़ गया।

इसके अलावा इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील और एचडीएफसी के शेयर भी लाभ में रहे।

वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, टीसीएस, एचयूएल, एसबीआई, एक्सिस बैंक और आईटीसी के शेयर में बढ़त से भी बाजार को समर्थन मिला।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘शेयर बाजार में आज का सुधार दर्शाता है कि वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में घरेलू अर्थव्यवस्था अधिक जुझारू क्षमता दिखा रही है। हालांकि, बाजार में इस समय शेयरों के भाव ऊंचे हैं, लेकिन विदेशी निवेशकों के निरंतर समर्थन से स्थानीय बाजार चढ़ गया।’’

विश्लेषकों के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में सुधार और वैश्विक बाजारों में अमेरिकी डॉलर में गिरावट ने भी निवेशकों की धारणा को बल मिला।

इसके अलावा बीएसई मिडकैप 1.97 प्रतिशत और स्मॉलकैप 1.40 प्रतिशत के लाभ में रहे।

सोमवार को सेंसेक्स 861.25 अंक यानी 1.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,972.62 अंक पर बंद हुआ था जबकि निफ्टी में 246 अंक की गिरावट आई थी।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 102.52 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 561.22 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

भाषा जतिन अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments