scorecardresearch
Friday, 17 April, 2026
होमदेशअर्थजगतअमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 29 पैसे मजबूत होकर 92.85 पर

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 29 पैसे मजबूत होकर 92.85 पर

Text Size:

मुंबई, 17 अप्रैल (भाषा) अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 29 पैसे मजबूत होकर 92.85 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। डॉलर के कमजोर होने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच वैश्विक स्तर पर सकारात्मक धारणा से घरेलू मुद्रा में मजबूती आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजार में तेजी और विदेशी पूंजी प्रवाह में बढ़ोतरी से भी रुपये पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.93 पर खुला और कारोबार के दौरान 92.65 के उच्च स्तर तक पहुंचा। कारोबार के अंत में यह 92.85 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद स्तर की तुलना में 29 पैसे की बढ़त है।

रुपया बृहस्पतिवार को 19 पैसे की बढ़त के साथ 93.14 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि वैश्विक जोखिम धारणा में सुधार के कारण रुपये में मजबूती आई है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजारों में तेजी और सुरक्षित निवेश की मांग घटने से डॉलर कमजोर हुआ है, जबकि कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट आई है।

चौधरी ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच संभावित बातचीत के दूसरे दौर और इजराइल-लेबनान के बीच संघर्षविराम की उम्मीदों से रुपया सकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर सकता है।

उन्होंने अनुमान जताया कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 92.50 से 93.20 के दायरे में रह सकता है।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.90 पर आ गया।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 96.18 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ संभावित समझौते को लेकर सकारात्मक संकेत देने से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है और आपूर्ति बाधाओं की चिंता कम हुई है।

घरेलू शेयर बाजार में भी तेजी देखी गई। सेंसेक्स 504.86 अंक यानी 0.65 प्रतिशत बढ़कर 78,493.54 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 156.80 अंक यानी 0.65 प्रतिशत बढ़कर 24,353.55 पर बंद हुआ।

विदेशी संस्थागत निवेशक बृहस्पतिवार को शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने 382.36 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा योगेश रमण

रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments