मुंबई, 24 सितंबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को रुपया अपने सर्वकालिक निचले स्तर से दो पैसे सुधरकर 88.71 (अस्थायी) पर बंद हुआ। अमेरिका के भारत पर भारी शुल्क लगाये जाने तथा एच-1बी वीजा से जुड़े मुद्दों ने रुपये पर दबाव बनाए रखा।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि निवेशकों के जोखिम से बचने और व्यापार नीति की अनिश्चितता के बीच निरंतर विदेशी पूंजी निकासी के कारण रुपया अपने सर्वकालिक निचले स्तर के आसपास बना हुआ है।
इसके अलावा, भारतीय वस्तुओं पर बढ़े हुए अमेरिकी शुल्क के साथ-साथ व्यापार नीति की अनिश्चितता ने रुपये की विनिमय दर में गिरावट को और बढ़ा दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 88.80 पर खुला और अंत में 88.71 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से दो पैसे की मामूली वृद्धि है।
मंगलवार को रुपया 45 पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.73 के नए सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ था। इससे पहले, कारोबार के दौरान यह 88.82 के सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया था।
कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका में एच-1बी वीजा शुल्क वृद्धि के झटके के बाद भारतीय रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने सर्वकालिक निचले स्तर के आसपास बना हुआ है।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक (मुद्रा एवं जिंस) अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि अमेरिकी वीजा शुल्क वृद्धि के मुद्दे को लेकर रुपया कमजोर रहेगा। घरेलू बाजार में कमजोर रुख और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की निकासी रुपये पर और दबाव डाल सकती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी निचले स्तर पर रुपये को सहारा दे सकती है। रिजर्व बैंक का कोई भी हस्तक्षेप भी रुपये को सहारा दे सकता है। व्यापारी अमेरिका से नए घरों की बिक्री के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं।’’
चौधरी ने कहा, ‘‘डॉलर-रुपये का हाजिर भाव 88.40 से 89.25 के बीच रहने की संभावना है।’’
इस बीच, छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर इंडेक्स 0.36 प्रतिशत बढ़कर 97.61 पर रहा।
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.61 प्रतिशत बढ़कर 68.04 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार में, सेंसेक्स 386.47 अंक गिरकर 81,715.63 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 112.60 अंक टूटकर 25,056.90 पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 3,551.19 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
