मुंबई, 28 अक्टूबर (भाषा) आयातकों की ओर से माह के अंत में डॉलर की बढ़ती मांग और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से रुपया मंगलवार को 21 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.40 पर आ गया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 88.34 प्रति डॉलर पर खुला। फिर डॉलर के मुकाबले 88.40 पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 21 पैसे की गिरावट दर्शाता है।
रुपया सोमवार को 36 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.19 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.66 पर आ गया।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 125.93 अंक चढ़कर 84,904.77 अंक पर और निफ्टी 39.8 अंक की बढ़त के साथ 26,005.85 अंक पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 65.63 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 55.58 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
