मुंबई, 27 अक्टूबर (भाषा) कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 12 पैसे टूटकर 87.95 प्रति डॉलर पर आ गया।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी संभावित अमेरिका-चीन व्यापार समझौते के कारण आई है जिससे वैश्विक स्तर पर तेल की मांग में मजबूती की उम्मीद को बल मिलता है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 87.87 प्रति डॉलर पर खुला। फिर डॉलर के मुकाबले 87.95 पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 12 पैसे की गिरावट दर्शाता है।
रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 87.83 पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.91 पर आ गया।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 272.7 अंक चढ़कर 84,484.58 अंक पर जबकि निफ्टी 88.55 अंक की बढ़त के साथ 25,883.70 अंक पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 65.95 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 621.51 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
