मुंबई, 17 फरवरी (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 14 पैसे की गिरावट के साथ 82.84 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में कमजोर रुख और विदेशों में डॉलर के मजबूत होने से निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 82.77 पर खुला। कारोबार के अंत में यह अपने पिछले बंद भाव की तुलना में 14 पैसे की गिरावट के साथ 82.84 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
इससे पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 82.70 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान रुपये ने 82.73 के उच्चस्तर और 82.85 के निचले स्तर को छुआ।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को बताने वाला डॉलर सूचकांक 0.59 प्रतिशत बढ़कर 104.47 हो गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.75 प्रतिशत घटकर 83.65 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।
घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 316.94 अंक की गिरावट के साथ 61,002.57 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 1,570.62 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
