नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) वर्ष 2024 को आधार वर्ष मानकर जारी अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) की नई श्रृंखला के तहत जनवरी में खुदरा मुद्रास्फीति 2.75 प्रतिशत रही।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा बृहस्पतिवार को जारी नई श्रृंखला में मूल्य स्थिति की बेहतर तस्वीर पेश करने के लिए वस्तुओं की संख्या 259 से बढ़ाकर 308 तथा सेवाओं की संख्या 40 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है।
जनवरी के लिए खाद्य मुद्रास्फीति 2.13 प्रतिशत रही।
नई श्रृंखला में प्रमुख सुधारों में ग्रामीण मकान किराया, ऑनलाइन मीडिया सेवाएं एवं ईंधन (सीएनजी/पीएनजी) को शामिल किया गया है।
डिजिटल व प्रशासनिक स्रोतों से उपलब्ध आंकड़ों के बेहतर ‘कवरेज’ के लिए टेलीफोन शुल्क, रेल किराया, हवाई किराया, ईंधन, डाक शुल्क तथा ऑनलाइन मीडिया एवं ‘स्ट्रीमिंग’ सेवाएं (ओटीटी सब्सक्रिप्शन) को भी नई श्रृंखला में शामिल किया गया है।
वर्ष 2012 को आधार वर्ष मानने वाली पुरानी श्रृंखला के तहत जनवरी, 2025 में खुदरा मुद्रास्फीति 4.26 प्रतिशत जबकि दिसंबर में 1.33 प्रतिशत रही थी।
भाषा निहारिका अजय
अजय
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
