मुंबई, छह फरवरी (भाषा) ऑनलाइन मंच के जरिये यात्रा सेवा देने वाली कंपनी रैपिडो ने पश्चिम बंगाल में गतिशीलता और बुनियादी ढांचा क्षेत्र में 150 करोड़ रुपये निवेश करने का प्रस्ताव दिया है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
रैपिडो ने कहा कि उसने हाल ही में राज्य के परिवहन विभाग के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत वह गुलाबी रंग के दोपहिया और चार पहिया वाहनों का बेड़ा तैयार करेगी, जिसे महिला ड्राइवर चलाएंगी।
कंपनी ने कहा कि इस पहल से महिलाओं को सुरक्षित और विश्वसनीय विकल्प मिलेगा। इस समय बंगाल में एक लाख लोग प्रतिदिन रैपिडो से बुकिंग के जरिये यात्रा करते हैं।
रैपिडो ने कहा कि इस साझेदारी के तहत रैपिडो इलेक्ट्रिक गतिशीलता, महिलाओं की सुरक्षा और सड़क सुरक्षा जागरूकता पर केंद्रित प्रमुख पहलों के लिए 150 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसके तहत 130 करोड़ रुपये शहरी इलेक्ट्रिक गतिशीलता के विकास में खर्च किए जाएंगे।
रैपिडो के सह-संस्थापक पवन गुंटुपल्ली ने कहा, ”पश्चिम बंगाल हमेशा से हमारे लिए एक महत्वपूर्ण बाजार रहा है। इलेक्ट्रिक गतिशीलता और गुलाबी गतिशीलता में हमारा निवेश टिकाऊ और महिलाओं के लिए सुरक्षित परिवहन समाधानों के लिए हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.