नयी दिल्ली, सात नवंबर (भाषा) रियल्टी कंपनी प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने दिल्ली-एनसीआर में अपनी विस्तार योजना के तहत एल्योर डेवलपर्स में 524 करोड़ रुपये में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया है।
प्रेस्टीज एस्टेट्स ने शेयर बाजार को बताया कि उसने एल्योर डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए छह नवंबर, 2026 को एक शेयर खरीद समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस अधिग्रहण के साथ ही एल्योर अब कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी बन गई है। एल्योर नोएडा के सेक्टर 150 में एक आवासीय परियोजना के विकास का काम कर रही है। कंपनी इस सौदे की कुल 523.76 करोड़ रुपये तक की राशि का भुगतान किस्तों में करेगी।
हाल ही में प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स ने अपनी अनुषंगी प्रेस्टीज रिटेल वेंचर्स के जरिये 519 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर ग्लोइंड विंटेज इन्फ्रा की 100 प्रतिशत इक्विटी का अधिग्रहण किया था।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.