scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशअर्थजगतनए ऑनलाइन बैच के पहले 20 दिन फिजिक्सवाला का संग्रह 36 प्रतिशत बढ़कर 205 करोड़ रुपये हुआ

नए ऑनलाइन बैच के पहले 20 दिन फिजिक्सवाला का संग्रह 36 प्रतिशत बढ़कर 205 करोड़ रुपये हुआ

Text Size:

नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी फिजिक्सवाला ने मंगलवार को बताया कि ऑनलाइन बैच शुरू होने के 20 दिन के भीतर ही उसके संग्रह में लगभग 36 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और यह बढ़कर 205 करोड़ रुपये हो गया है।

कंपनी ने बताया कि इस शैक्षणिक उत्सव के पांचवें संस्करण में देश के विभिन्न राज्यों से 34 लाख से ज़्यादा विद्यार्थी सोशल मीडिया मंच पर जुड़े।

कंपनी ने बयान में कहा, ‘‘फिजिक्सवाला (पीडब्ल्यू) ने अपने मुख्य कार्यक्रम ‘विश्वास दिवस’ (वीडी) का समापन किया। इस दौरान उसने 20 मार्च, 2026 को समाप्त हुई 20 दिन की अवधि में अपनी ऑनलाइन श्रेणियों से 205 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड संग्रह की घोषणा की।’’

फिजिक्सवाला ने एक नियामकीय सूचना में बताया कि पिछले साल के मुकाबले उसके संग्रह में 36 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

ऑनलाइन बैच में दाखिला लेने वाले छात्र अगले कैलेंडर वर्ष में अपनी परीक्षाओं में शामिल होंगे।

फिजिक्सवाला के सह-संस्थापक प्रतीक माहेश्वरी ने कहा, ‘‘विश्वास दिवस (वीडी) के दौरान हमने जो गति देखी है, उससे भविष्य में हमारी विकास यात्रा को लेकर हमारा विश्वास और मज़बूत हुआ है।’’

फिजिक्स वाला ने बताया कि विश्वास दिवस की अवधि के दौरान कंपनी को 4.39 लाख दाखिले मिले हैं, जिनमें पूरे भारत के 1,579 नए पिन कोड से आए दाखिले भी शामिल हैं। यह पिछले साल के मुकाबले 21 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments