scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशअर्थजगतजीएसटी दर कटौती का लाभ उठाने के लिए वाहन शोरूम पर उमड़े लोग

जीएसटी दर कटौती का लाभ उठाने के लिए वाहन शोरूम पर उमड़े लोग

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) जीएसटी दरों में कटौती सोमवार से लागू होने के साथ ही कारों की कीमतों में आई गिरावट को देखते हुए देशभर के वाहन शोरूम में संभावित खरीदारों की भारी भीड़ देखने को मिली।

वाहन वितरकों के राष्ट्रीय संगठन फाडा के अध्यक्ष सी एस विग्नेश्वर ने पीटीआई-भाषा के साथ बातचीत में कहा कि पिछले तीन-चार हफ्तों से ग्राहकों की पूछताछ में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही थी और नवरात्रि के पहले दिन बिक्री में जबर्दस्त रुझान देखा गया।

विग्नेश्वर ने बताया कि कई ग्राहक कीमतों में कटौती के बाद अब कहीं ऊंची श्रेणी की कार खरीदने की योजना बना रहे हैं।

छोटी कारों पर जीएसटी को 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इस संशोधन से पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड, सीएनजी और एलपीजी इंजन वाली 1200 सीसी तक की कारों की कीमतों में 40,000 से 1.2 लाख रुपये तक की अनुमानित गिरावट आई है।

इस कर संशोधन पर विग्वेश्वर ने कहा कि यह सुधार सिर्फ इस त्योहारी मौसम के लिए नहीं, बल्कि आने वाले कई वर्षों में उद्योग के लिए लाभकारी साबित होगा।

फाडा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हम बहुत आभारी हैं कि सरकार ने ये दरें कम कर दी हैं। हम भी, अन्य उद्योगों की तरह, इन दरों को कम करने का अनुरोध करते रहे हैं। और आखिरकार, मुझे लगता है कि ऐसा हुआ है।’’

हालांकि, उन्होंने नवरात्रि के पहले दिन की वाहन बिक्री के बारे में कोई अनुमान नहीं बताया।

हालांकि, पुराने वाहनों के कारोबार से जुड़े ऑनलाइन मंच कार्स24 ने कहा कि नवरात्रि के पहले दिन दोपहर तक उसकी कार डिलिवरी में 400 प्रतिशत की रिकॉर्डतोड़ वृद्धि दर्ज की गई।

दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सबसे अधिक बिक्री हुई जिसके बाद अहमदाबाद, बेंगलुरु, पुणे और मुंबई का स्थान रहा।

वाहन विनिर्माता कंपनियों के संगठन सियाम के महासचिव राजेश मेनन ने कहा कि जीएसटी दर कटौती से उपभोक्ताओं में उत्साह बढ़ेगा और भारतीय वाहन क्षेत्र को नई रफ्तार मिलेगी।

इस बीच, होंडा कार्स इंडिया ने कहा कि मॉडलों की कीमतों को जीएसटी लाभ और रणनीतिक मूल्य निर्धारण के साथ दिसंबर तक के लिए आकर्षक बनाया गया है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments