नयी दिल्ली, छह नवंबर (भाषा) नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने शुक्रवार को इलेक्ट्रॉनिक स्वर्ण रसीदों (ईजीआर) में लाइव कारोबार शुरू किया। पहले दिन इसमें 23.34 करोड़ रुपये के सौदे हुए।
एनएसई और ऑगमोंट के एक संयुक्त बयान के अनुसार शाम चार बजकर 25 मिनट तक लगभग छह किलोग्राम सोने के बराबर कुल 1,60,357 ईजीआर अनुबंधों का कारोबार हुआ।
बयान के अनुसार, इस खंड में कीमतों का निर्धारण भी व्यवस्थित ढंग से हुआ। कारोबार के दौरान कीमतें 1,450.50 रुपये से 1,460 रुपये के सीमित दायरे में रहीं, जबकि खरीद और बिक्री कीमतों के बीच का अंतर 50 पैसे से एक रुपये तक रहा।
प्रत्येक इलेक्ट्रॉनिक स्वर्ण रसीद (ईजीआर) 100 मिलीग्राम (0.1 ग्राम) भौतिक सोने के बराबर होती है। इसके बदले का सोना सेबी के नियमन वाले भंडारगृहों में रखा जाता है। निवेशक अपने डीमैट खातों के जरिये इन रसीदों की खरीद-बिक्री कर सकते हैं। साथ ही, निर्धारित नियमों के तहत उनके पास इन रसीदों के बदले भौतिक सोना लेने का विकल्प भी है।
यह खंड ‘टी+1’ निपटान चक्र का पालन करता है, जिसके तहत किसी विशेष दिन किए गए सौदों का निपटान अगले कारोबारी दिन किया जाता है।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.