नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने शुक्रवार को कहा कि उसे प्रस्तावित ‘नेशनल कोल एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड’ में निवेश के लिए प्रतिभूति बाजार नियामक सेबी से मंजूरी मिल गई है।
एनएसई ने एक बयान में कहा कि यह मंजूरी देश में कोयले के भौतिक व्यापार के लिए एक संगठित बाजार मंच स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण नियामकीय कदम है।
एक्सचेंज जल्द ही आवश्यक लाइसेंस प्राप्त करने के लिए कोयला नियंत्रक संगठन से संपर्क करेगा।
प्रस्तावित कोल एक्सचेंज का उद्देश्य मानकीकृत अनुबंधों के जरिये कोयले के ऑनलाइन हाजिर कारोबार को सक्षम बनाना है ताकि उत्पादकों, उपभोक्ताओं और व्यापारियों के लिए पारदर्शी मूल्य निर्धारण और स्पष्ट निपटान व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
यह पहल कंपनी के गठन और आवश्यक मंजूरियों के अधीन कोयला लेन-देन के लिए एक औपचारिक, पारदर्शी और दक्ष बाजार ढांचा विकसित करने में मदद करेगी।
इसी सप्ताह कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय (एमसीए) ने ‘नेशनल कोल एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड’ नाम को आरक्षित रखने की मंजूरी दी थी।
एनएसई के निदेशक मंडल ने फरवरी में इस पहल के लिए पूर्ण-स्वामित्व वाली एक अनुषंगी बनाने को मंजूरी दी थी, जिसमें 100 करोड़ रुपये तक के शुरुआती निवेश का प्रस्ताव है। एनएसई की इस अनुषंगी में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जबकि शेष 40 प्रतिशत अन्य निवेशकों को दिया जाएगा।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
