नयी दिल्ली, छह नवंबर (भाषा) नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने एकीकृत स्वर्ण मंच ऑगमोंट के साथ मिलकर शुक्रवार को इलेक्ट्रॉनिक स्वर्ण रसीद (ईजीआर) में ‘लाइव’ कारोबार शुरू किया। पहले दिन इसमें 33.11 करोड़ रुपये के सौदे हुए।
एनएसई के रात 10 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, एक्सचेंज पर ईजीआर के कुल 2,27,444 अनुबंधों का कारोबार हुआ, जिनका कुल मूल्य 33.11 करोड़ रुपये रहा।
एनएसई और ऑगमोंट के संयुक्त बयान के अनुसार, इस खंड में कीमतों का निर्धारण भी व्यवस्थित तरीके से हुआ और कारोबार के दौरान कीमतें 1,450.50 रुपये से 1,465 रुपये के सीमित दायरे में रहीं।
प्रत्येक इलेक्ट्रॉनिक स्वर्ण रसीद 100 मिलीग्राम (0.1 ग्राम) भौतिक सोने के बराबर होती है। इसके बदले का सोना सेबी के नियमन वाले भंडारगृहों में रखा जाता है। निवेशक अपने डीमैट खातों के जरिये इन रसीदों की खरीद-बिक्री कर सकते हैं। साथ ही, निर्धारित नियमों के तहत उनके पास इन रसीदों के बदले भौतिक सोना लेने का विकल्प भी है।
यह खंड ‘टी+1’ निपटान चक्र का पालन करता है, जिसके तहत किसी विशेष दिन किए गए सौदों का निपटान अगले कारोबारी दिन किया जाता है।
ऑगमोंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड के पूर्णकालिक निदेशक केतन कोठारी ने कहा कि पहले दिन का कारोबार, लगातार दोनों ओर से खरीद-बिक्री के भाव उपलब्ध होना और कीमतों का व्यवस्थित निर्धारण इस नए बाजार खंड के लिए शुरुआती महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं।
उन्होंने कहा, ‘ऑगमोंट में हमने ईजीआर जारी करने, सोने को तिजोरी में रखने और उन्हें भौतिक सोने में बदलने की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अपनी शोधन क्षमता और भौतिक सोने से जुड़े बुनियादी ढांचे को एक साथ जोड़ा है। हमारा मानना है कि यह पहल भौतिक सोने को अधिक सुलभ और पारदर्शी बनाने के साथ ही उसे भारत की औपचारिक वित्तीय व्यवस्था से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।’
भाषा योगेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.