scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशअर्थजगतनॉर्टन को भारत में अगले साल पेश किया जाएगा, भारत-ब्रिटेन एफटीए से होगा लाभ: सुदर्शन वेणु

नॉर्टन को भारत में अगले साल पेश किया जाएगा, भारत-ब्रिटेन एफटीए से होगा लाभ: सुदर्शन वेणु

Text Size:

(राजकुमार लीशांबा)

मिलान, चार नवंबर (भाषा) टीवीएस मोटर कंपनी के चेयरमैन सुदर्शन वेणु ने मंगलवार को कहा कि समूह का ब्रिटिश मोटरसाइकिल ब्रांड नॉर्टन, 2026 की जून-जुलाई में अपने नए संस्करण में भारतीय बाजार में प्रवेश करेगा और इस ब्रांड को निर्यात के लिए भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते का लाभ मिलेगा।

वेणु ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि ब्रांड अगले साल मार्च-अप्रैल में सबसे पहले ब्रिटेन और यूरोप में अपने उत्पाद पेश करेगा। कंपनी ने वैश्विक दोपहिया वाहन प्रदर्शनी ईआईसीएमए 2025 में चार बिल्कुल नए ‘मैनक्स’ और ‘एटलस’ मॉडल प्रदर्शित किए थे।

उन्होंने कहा कि भारत में नॉर्टन को ‘2026 की गर्मियों में यानी जून-जुलाई’ में पेश किया जाएगा।

वेणु ने वैश्विक बिक्री की शुरुआत के बारे में कहा कि नॉर्टन बाइक अगले साल मार्च-अप्रैल से बिक्री के लिए उपलब्ध होगी। शुरुआत ब्रिटेन, यूरोप और उसके तुरंत बाद भारत और अमेरिका से होगी।

उन्होंने कहा कि चार-सिलेंडर वाली मैनक्स रेंज का विनिर्माण नॉर्टन के ब्रिटेन स्थित सोलिहुल कारखाने में किया जाएगा, जबकि एटलस का उत्पादन भारत में टीवीएस के होसुर कारखाने में किया जाएगा।

वेणु ने कहा कि नॉर्टन को भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते से लाभ होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने व्यापार के लिए काफी अवसर दिए हैं। नॉर्टन उन क्षेत्रों में से एक है जहां हम ब्रिटेन के बाजार में खुली पहुंच के मामले में सरकार द्वारा दिए गए इस लाभ का वास्तव में फायदा उठा पा रहे हैं और इसके साथ ब्रिटेन से चार सिलेंडर इंजन वाले वाहन को भारत में लाने की भी योजना है।’’

वेणु ने कहा, ‘‘नॉर्टन ब्रांड को वापस लाने के लिए हमने लगभग 25 करोड़ पाउंड का निवेश किया है और कुछ निवेश अभी बाकी हैं। यह प्रक्रिया चल रही है। इसके परिणामस्वरूप आज छह वाहन, दो प्लेटफॉर्म और चार मॉडल उपलब्ध होंगे और अगले साल कुछ और मॉडल आएंगे।’’

बिक्री की मात्रा की उम्मीदों के संदर्भ में, उन्होंने कहा, ‘‘हम एक निश्चित अवधि में 20,000 इकाइयों की बिक्री की उम्मीद कर रहे हैं।’’

भाषा रमण अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments