scorecardresearch
Friday, 17 April, 2026
होमदेशअर्थजगतनैसकॉम ने उठाया मध्य प्रदेश के छोटे उद्यमों को डिजिटल तकनीक से लैस करने का बीड़ा

नैसकॉम ने उठाया मध्य प्रदेश के छोटे उद्यमों को डिजिटल तकनीक से लैस करने का बीड़ा

Text Size:

इंदौर, 20 जनवरी (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी उद्योग का प्रमुख संगठन नैसकॉम की एक इकाई मध्यप्रदेश के सूक्ष्म, लघु और मझोले उद्यमों (एमएसएमई) के कारखानों को डिजिटल तकनीक से लैस करने के लिए उन्हें परामर्श देने का काम शुरू करेगी। इस पहल का मकसद उनकी क्षमता को बढ़ाना है।

गुजरात के गांधीनगर स्थित नैसकॉम उत्कृष्टता केंद्र के वरिष्ठ निदेशक और प्रमुख अमित सलूजा ने इंदौर में संवाददाताओं को बताया,‘‘मध्यप्रदेश में खासकर दवा, कपड़े, इंजीनियरिंग उत्पाद और वाहनों के कल-पुर्जे बनाने वाली एमएसएमई इकाइयों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), क्लाउड, इंटरनेट ऑफ थिंग्स व एनालिटिक्स की डिजिटल तकनीकों से जोड़े जाने की जरूरत है।’

उन्होंने कहा कि आधुनिक डिजिटल तकनीकों की मदद से छोटे उद्यमों का न केवल क्षमता विस्तार किया जा सकता है, बल्कि बिजली खपत और अन्य क्षेत्रों में उनके खर्चों में भी बड़ी कटौती की जा सकती है।

सलूजा ने बताया कि नैसकॉम का उत्कृष्टता केंद्र गुजरात, महाराष्ट्र और हरियाणा में पहले ही काम कर रहा है ताकि डिजिटल तकनीक अपनाने को लेकर वहां की एमएसएमई इकाइयों में जागरूकता बढ़ाई जा सके।

उन्होंने बताया कि इस केंद्र से देश के करीब 500 ऐसे स्टार्ट-अप जुड़े हैं जो एमएसएमई इकाइयों के कारखानों को डिजिटल तकनीक से लैस करने का काम करते हैं।

भाषा हर्ष

अमित रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments