scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशअर्थजगतनायडू ने छह महीने में 10 लाख पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा

नायडू ने छह महीने में 10 लाख पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा

Text Size:

अमरावती, 10 अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को अगले छह महीनों के भीतर पाइप के जरिए घरों पहुंचाई जाने वाली रसोई गैस (पीएनजी) के 10 लाख कनेक्शन प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया।

यह कदम इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष के कारण रसोई गैस की आपूर्ति में आ रही बाधाओं के बीच उठाया गया है।

घरेलू गैस आपूर्ति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने तेल कंपनियों और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मुख्य रूप से आयात की जाने वाली तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) के विकल्प के रूप में पीएनजी को बढ़ावा दें।

नायडू के हवाले से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘उन्होंने अगले छह महीनों के भीतर 10 लाख पीएनजी कनेक्शन प्रदान करने का लक्ष्य रखा और अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने में कोई देरी न हो।’

मुख्यमंत्री ने ‘दीपम’ योजना के लाभार्थियों के बीच पीएनजी अपनाने के फायदों के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

‘दीपम’ राज्य की एक कल्याणकारी योजना है जिसके तहत प्रति वर्ष तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर प्रदान किए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि जो लाभार्थी पीएनजी का विकल्प चुनेंगे, उन्हें दीपम योजना के तहत सब्सिडी मिलती रहेगी। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में तत्काल आदेश जारी करने के निर्देश दिए।

नायडू ने इस बात पर जोर दिया कि लाभार्थियों को स्पष्ट रूप से सूचित किया जाए कि पीएनजी कनेक्शन लेने के बाद भी वे दीपम योजना के लाभ बरकरार रख सकते हैं।

पीएनजी कनेक्शन के विस्तार के लिए तेल कंपनियों द्वारा उठाए गए कदमों की समीक्षा के बाद अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को सूचित किया कि घरेलू गैस की स्थिति जल्द ही सामान्य होने की उम्मीद है।

भाषा सुमित रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments