scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशअर्थजगतएमसीएक्स में तकनीकी खराबी के कारण बाजार खुलने में देरी, जांच शुरू

एमसीएक्स में तकनीकी खराबी के कारण बाजार खुलने में देरी, जांच शुरू

Text Size:

मुंबई, 28 अक्टूबर (भाषा) मल्टी-कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में मंगलवार को तकनीकी खराबी के कारण कामकाज बाधित रहा। इसके चलते एक्सचेंज में चार घंटे से ज्यादा देरी से कारोबार शुरू हो सका और कामकाज को आपदा बहाली साइट पर स्थानांतरित करना पड़ा।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) ने कहा कि उसकी सभी कारोबारी प्रणालियां अब सामान्य रूप से काम कर रही हैं और इस मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दी गई है।

एमसीएक्स ने शेयर बाजार को बताया, ‘‘एक्सचेंज में एक तकनीकी खराबी के कारण मंगलवार, 28 अक्टूबर, 2025 को कारोबार शुरू होने में देरी हुई। कामकाज को आपदा बहाली (डीआर) साइट पर स्थानांतरित कर दिया गया और कारोबार दोपहर 1.25 बजे शुरू हुआ।’’

कमोडिटी एक्सचेंज ने आगे कहा कि सभी कारोबारी प्रणालियां अब सामान्य रूप से काम कर रही हैं। एमसीएक्स ने बताया कि इस मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दी गई है।

एमसीएक्स ने बताया, ‘‘हम कारण की पहचान करने और जरूरी सुधारात्मक उपाय लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारे निष्कर्षों और की गई कार्रवाई के बारे में हम समय से सूचना देंगे।’’

इससे पहले, तकनीकी खराबी के कारण एमसीएक्स पर व्यापारिक गतिविधियां चार घंटे से ज्यादा समय तक बाधित रहीं, जिससे सत्र की शुरुआत में कई बार देरी हुई और बाजार सहभागियों में अनिश्चितता पैदा हो गई।

एक्सचेंज ने शुरुआत में सुबह नौ बजे से शुरू होने वाले सत्र को सुबह 9:30 बजे, फिर 10:30 बजे, 11:49 और 12:35 बजे के लिए पुनर्निर्धारित किया था, और फिर दोपहर 1:20 से 1:24 बजे के बीच एक विशेष सत्र की घोषणा की, जिसके बाद दोपहर 1:25 बजे से सामान्य कारोबार शुरू हुआ।

इस व्यवधान ने सोना, चांदी, कच्चा तेल और तांबा, जस्ता तथा एल्युमीनियम जैसी आधार धातुओं का कारोबार प्रभावित हुआ।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments